Live

JHARKHAND NEWS

राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर बोकारो में परिचर्चा: जिम्मेदार बनाम लोकलुभावन पत्रकारिता पर हुआ मंथन.

S
Srishtyलेखक

राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर बोकारो में पत्रकारिता की मौजूदा चुनौतियों और उसकी विश्वसनीयता पर गंभीर मंथन हुआ। चास के होटल क्लार्क्स इन में ‘जिम्मेदार पत्रकारिता बनाम लोकलुभावन पत्रकारिता’ विषय पर एक विशेष परिचर्चा आयोजित की गई। इसमें प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ जिले के वरिष्ठ पत्रकारों ने हिस्सा लिया और बदलते दौर में मीडिया की भूमिका पर अपने विचार रखे.

राष्ट्रीय प्रेस दिवस 2026 पखवाड़ा के तहत आयोजित इस परिचर्चा में पत्रकारिता की निष्पक्षता, विश्वसनीयता, सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव और फेक न्यूज जैसी चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यक्रम में उपायुक्त अजय नाथ झा, एसपी नाथू सिंह मीणा और डीडीसी शताब्दी मजूमदार समेत जिले के कई वरिष्ठ पत्रकार मौजूद रहे।परिचर्चा की शुरुआत में वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि तेज़ी और टीआरपी या क्लिक की होड़ में तथ्यों से समझौता नहीं होना चाहिए। बदलते मीडिया परिदृश्य में लोकलुभावन या सनसनीखेज खबरों के मुकाबले जिम्मेदार और संतुलित पत्रकारिता आज सबसे बड़ी जरूरत है।परिचर्चा को संबोधित करते हुए उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि प्रशासन और मीडिया दोनों का साझा उद्देश्य आम आदमी का हित है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सोशल मीडिया पर किसी सूचना को प्रसारित कर देना पत्रकारिता नहीं है, बल्कि पत्रकारिता का मूल आधार तथ्यपरकता और निष्पक्षता होना चाहिए।

उपायुक्त ने कहा कि एक पत्रकार का दायित्व किसी विषय पर निर्णय सुनाना नहीं, बल्कि वास्तविक तथ्यों को समाज के सामने रखना है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन की कमियों को उजागर करना व्यवस्था में सुधार का अवसर देता है, और प्रशासन तथा मीडिया के बीच बेहतर संवाद से आम जनता की समस्याओं का प्रभावी समाधान संभव है।पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने संवेदनशील मामलों में खबरों के प्रसारण के दौरान संयम और आत्मनियमन बरतने पर खास जोर दिया। उन्होंने कहा कि सांप्रदायिक तनाव, नाबालिगों, पीड़ितों और अन्य संवेदनशील मामलों से जुड़ी खबरों के प्रसारण में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

एसपी ने आगाह किया कि भ्रामक या अधूरी सूचनाएं सामाजिक सौहार्द बिगाड़ सकती हैं। ऐसे में तेज़ रिपोर्टिंग के साथ-साथ पत्रकारिता में आत्मनियमन भी उतना ही जरूरी है, ताकि समाज में अनावश्यक तनाव या अफवाह न फैले। विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने मीडिया को प्रशासन की आंख और कान बताते हुए कहा कि दूर-दराज के क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है।परिचर्चा में वरिष्ठ पत्रकारों ने भी अपने अनुभव और विचार साझा किए। उन्होंने खबरों के तथ्यात्मक सत्यापन, निष्पक्षता और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने पर बल दिया। कार्यक्रम के अंत में प्रशासन और पत्रकारों ने जिम्मेदार एवं तथ्यपरक पत्रकारिता को और मजबूत बनाने का संकल्प व्यक्त किया।

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें