Live

JHARKHAND NEWS

जमशेदपुर के जुगसलाई में प्लाईवुड दुकान का ताला तोड़कर पांच लाख की चोरी, पुलिस जांच में जुटी

S
Srishtyलेखक

जुगसलाई थाना क्षेत्र स्थित मलिक प्लाईवुड एंड डेवलोपर्स प्राइवेट लिमिटेड में रविवार देर रात चोरों ने ताला तोड़कर करीब पांच लाख रुपये मूल्य के सामान और नकदी की चोरी कर ली। सोमवार सुबह दुकान पहुंचने पर संचालक सुमित मलिक को घटना की जानकारी हुई। सूचना मिलते ही डीएसपी विधि व्यवस्था सुमित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। संचालक के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में रात करीब 1.20 बजे एक व्यक्ति दुकान के ऊपरी हिस्से में प्रवेश करता दिख रहा है। उसने ग्रिल का तार काटने के बाद शीशा तोड़ा और कार्यालय में घुस गया।

अंदर पहुंचकर उसने फाइल रखने वाले अपार्टमेंट को काटकर कागजात से छेड़छाड़ की। इसके बाद सीसीटीवी कैमरे को बंद करने और घुमाने का प्रयास किया। चोरी में एक लाख रुपये से अधिक नकद, एक लैपटॉप, लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति तथा दीपावली पर जमा किए गए चांदी और एक ग्राम सोने के सिक्के शामिल हैं। कुछ जरूरी फाइलें और दस्तावेज भी गायब हैं। संचालक ने प्रारंभिक तौर पर कुल नुकसान करीब पांच लाख रुपये बताया है। सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध नजर आए हैं। एक हेलमेट पहनकर दुकान में दाखिल हुआ, जबकि दूसरा बाहर स्कूटी लेकर इंतजार करता रहा। वारदात के बाद दोनों स्कूटी से फरार हो गए। पुलिस फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान में जुटी है।

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें