JHARKHAND NEWS : NIA की धनबाद में एंट्री: प्रिंस खान के पाकिस्तानी कनेक्शन की जांच शुरू, घोषित हो सकता है आतंकवादी!
धनबाद के वासेपुर का फरार कुख्यात अपराधी प्रिंस खान अब केंद्रीय जांच एजेंसी NIA के रडार पर आ चुका है। प्रिंस खान के आपराधिक और कथित आतंकी नेटवर्क की जांच के लिए एनआईए की एक टीम गुरुवार को सीधे धनबाद पहुंच गई है। अगर जांच में आरोप सही साबित हुए, तो प्रिंस खान को आधिकारिक तौर पर 'आतंकी' घोषित किया जा सकता है!जांच का सबसे बड़ा और मुख्य फोकस प्रिंस खान के विदेश प्रवास के दौरान बने संपर्कों और उसके पाकिस्तान कनेक्शन पर है।सूत्रों के मुताबिक, जब प्रिंस खान दुबई में था, तब वह अपनी पत्नी और भाई के साथ रह रहा था। इसी दौरान उसके संपर्क में एक पाकिस्तानी महिला फोजिया बलोच और उसका जीजा तौकिर बलोच आए।
दावा किया जा रहा है कि इसी तौकिर बलोच ने प्रिंस खान को पाकिस्तान के प्रतिबंधित आतंकी संगठन 'जैश-ए-मोहम्मद' से जुड़े लोगों तक पहुंचाया था। हालांकि, एनआईए इन तमाम दावों और साक्ष्यों की अपनी स्तर पर बेहद गहराई से जांच कर रही है।धनबाद पहुंचते ही NIA की टीम ने जिले के सीनियर पुलिस अफसरों से मुलाकात की। टीम धनबाद और झारखंड के अलग-अलग हिस्सों में प्रिंस खान के खिलाफ दर्ज सभी आपराधिक मुकदमों की फाइल खंगाल रही है।एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि विदेश में बैठकर प्रिंस खान अपना यह सिंडिकेट कैसे चला रहा था? वासेपुर में उसके कौन-कौन से गुर्गे और सहयोगी इस नेटवर्क को पाल-पोस रहे हैं?
इस मामले पर धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने पुष्टि की है कि एनआइए की टीम के साथ फरार अपराधी प्रिंस खान और उसके संगठित अपराध से जुड़े तमाम दस्तावेज और डिटेल्स साझा किए जा रहे हैं, ताकि इस पर सख्त केंद्रीय कार्रवाई हो सके।फिलहाल, एनआईए की जांच जारी है। इस जांच के पूरे होने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि प्रिंस खान के ये कथित आतंकी तार कितने गहरे हैं।