Live

JHARKHAND NEWS

रांची के होटल-बार में देर रात दबिश, 6 युवतियों समेत 14 लोग हिरासत में

S
Srishtyलेखक

राजधानी रांची में अवैध और संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। शहर के होटलों और बार में कथित अनैतिक गतिविधियों की शिकायतों के बाद, शनिवार देर रात पुलिस ने बड़े पैमाने पर छापेमारी की है! एसएसपी राकेश रंजन के कड़े निर्देशों के बाद, कोतवाली और लालपुर थाना क्षेत्र के कई इलाकों में पुलिस टीमों ने एक साथ दबिश दी। कचहरी चौक के पास स्थित कोरिंथिया होटल में जब पुलिस ने कार्रवाई की, तो वहां हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके से कई युवक-युवतियों को हिरासत में लिया है और होटल के मैनेजर व कर्मचारियों से लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस सूत्रों के हवाले से बड़ी जानकारी सामने आ रही है कि कोरिंथिया होटल से करीब आधा दर्जन युवतियों और आठ युवकों को हिरासत में लिया गया है।

शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि होटल में युवतियों से डांस कराया जा रहा था। पुलिस अब इस एंगल से जांच कर रही है कि इन युवतियों को होटल तक कौन लाता था और क्या इसके पीछे किसी संगठित गिरोह यानी कि किसी बड़े नेटवर्क का हाथ है? जांच में कथित तौर पर चार हजार से दस हजार रुपये तक के लेन-देन की बात भी सामने आ रही है। पुलिस यह भी खंगाल रही है कि इस मामले में झारखंड के अलावा पश्चिम बंगाल या अन्य दूसरे राज्यों के लोगों की क्या कोई भूमिका है? यानी बाहर से युवतियों को बुलाए जाने की आशंका पर भी गहरी नजर रखी जा रही है।

सिर्फ कोतवाली इलाका ही नहीं, बल्कि लालपुर थाना क्षेत्र में भी पुलिस की टीमों ने आधा दर्जन से अधिक बार और होटलों की तलाशी ली है। वहां भी संदिग्ध युवक-युवतियों से पूछताछ की गई है। पुलिस अधिकारियों का साफ कहना है कि जांच में मिलने वाले ठोस तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि इस पूरे रैकेट के तह तक पहुंचा जा सके। इस बड़ी कार्रवाई से रांची के होटल और बार संचालकों में हड़कंप मच गया है।

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें