Live

JHARKHAND NEWS

चतरा में अवैध उत्खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 12 हाइवा जब्त

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

चतरा: जिला प्रशासन ने अवैध उत्खनन और पत्थर तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अवैध बोल्डर लदे 12 हाइवा जब्त किया है. उपायुक्त कृतिश्री के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है.

मामले में अपर समाहर्ता अरविंद कुमार ने बताया कि उपायुक्त को गुप्त सूचना मिली थी कि चतरा-गया मुख्य मार्ग पर जोरी के रास्ते अवैध रूप से पत्थर ले जाए जा रहे हैं. इस सूचना के बाद उपायुक्त के निर्देश पर एक स्पेशल टीम का गठन किया गया. इस टीम में अपर समाहर्ता अरविंद कुमार,एसडीओ जहूर आलम,सिमरिया एसडीओ सन्नी राज और खनन विभाग की टीम शामिल थी. गठित टीम ने जोरी-हंटरगंज मुख्य पथ पर स्थित पखा पुल के पास नाकेबंदी कर छापेमारी की. जांच के दौरान 12 हाइवा को रोककर उनके चालकों से वैध चालान मांगा गया,लेकिन किसी के पास भी वैध कागजात नहीं मिले. इसके अलावा,सभी हाइवा में पत्थर ओवरलोड थे. अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग के कारण सभी 12 हाइवा को जब्त कर लिया गया. इन सभी वाहनों को वशिष्टनगर जोरी थाना को सुपुर्द कर दिया गया है.

अपर समाहर्ता ने बताया कि इस मामले में आगे की जांच के लिए खनन विभाग और परिवहन विभाग को सूचित कर दिया गया है. उन्होंने कहा कि प्रशासन की इस कार्रवाई से साफ हो गया है कि जिले में अवैध उत्खनन और परिवहन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी. ताकि अवैध कारोबार में लिप्त लोगों पर लगाम लगाया जा सके.

चतरा से संजय कुमार की रिपोर्ट—

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें