Hindi News / रांची के संत जेवियर्स कॉलेज में IQAC के सहयोग से हिन्दी दिवस कार्यक्रम...

JHARKHAND NEWS : रांची के संत जेवियर्स कॉलेज में IQAC के सहयोग से हिन्दी दिवस कार्यक्रम का हुआ आयोजन

Edited By:  |
Reported By:
jharkhand news

रांची : संत जेवियर्स कॉलेज, राँची में हिन्दी विभाग और हिन्दी साहित्य परिषद के तत्वावधान में IQAC के सहयोग से हिन्दी दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया. हिन्दी और हम इसका विषय था.

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. फादर रॉबर्ट प्रदीप कुजूर, एसजे ने कहा कि भाषा न केवल संवाद का माध्यम है बल्कि भाषा के बदौलत ही ज्ञान की अभिव्यक्ति होती है. इसके साथ-साथ प्राचार्य ने कहा कि भाषा केवल वार्तालाप एवं अभिव्यक्ति से ही समृद्ध नहीं हो सकती बल्कि उसमें शोध की वृहद संभावनाएं तलाशनी होगी.

इस अवसर पर हिन्दी विभागाध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार भाटिया ने विषय प्रवेश कराते हुए हिन्दी की यात्रा पर विहंगम दृष्टि डाली.

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि आकाशवाणी राँची के कार्यक्रम अधिशाषी डॉ. पंकज मित्रा ने अपने वक्तव्य में कहा कि हिन्दी और हम विषय बड़ा व्यापक है. हम में लोकतंत्र की शक्ति छिपी हुई है. इसीलिए संविधान के प्रस्तावना में हम शब्द का प्रयोग किया गया है. उन्होंने आगे कहा कि आग और पहिए के आविष्कार के बाद भाषा का आविष्कार मनुष्य के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है. वर्तमान समय में भाषा न केवल अभिव्यक्ति का माध्यम है बल्कि एक महत्वपूर्ण औजार भी है. उन्होंने आगे कहा कि स्वतंत्रता के समय हिन्दी ने ही भारत को एक सूत्र में पिरोने का काम किया था. अंग्रेजों ने भले ही हिन्दी को नीचा दिखाने की कोशिश की किंतु देश के बड़े नेता महात्मा गांधी,जवाहरलाल नेहरू,सरदार वल्लभभाई पटेल,एवं सुभाष चंद्र बोस ने हिन्दी को राष्ट्र भाषा बनाने की वकालत की थी.

मौके पर मुख्य अतिथि आकाशवाणी राँची के वरिष्ठ उद्घोषक कुमार बृजेंद्र ने कहा कि जंगे आज़ादी एवं भारत के निर्माण में हिन्दी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है. साथ-साथ उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में हिन्दी की संभावनाओं पर बात की. उन्होंने बड़ी बात यह कही कि हिन्दी में विभिन्न भाषाओं के शब्दों को समाहित करने की अपार समता है.

हिन्दी विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. संजय कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया. मौके पर उप-प्राचार्य डॉ. फादर अजय अरुण मिंज एसजे, इंटरमीडिएट प्राचार्य फादर अजय तिर्की, बीएड विभागाध्यक्ष फादर फ्लोरेंस पूर्ति, बर्सर फादर रवि हेमंत कुजूर, डॉ. मेल्टिना टोप्पो एवं विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक एवं प्राध्यापिकाओं तथा बड़ी संख्या में कॉलेज के विद्यार्थियों की उपस्थिति रही.