Live

JHARKHAND NEWS

कोडरमा में सक्रिय हुआ ठग गिरोह, पुलिस बनकर उड़ाई बुजुर्ग महिला की सोने की चेन

S
Srishtyलेखक

कोडरमा से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां पुलिसकर्मी बनकर दो ठगों ने एक बुजुर्ग महिला को अपना शिकार बनाया। सुरक्षा का झांसा देकर महिला के गले से सोने की चेन उतरवाई और कागज की पुड़िया में पत्थर थमा कर फरार हो गए। मामला डोमचांच थाना क्षेत्र के कोठियाराबर गांव का है। पीड़िता शांति देवी अपने घर के बाहर बैठी थीं। तभी बाइक सवार दो अज्ञात युवक पहुंचे और खुद को पुलिसकर्मी बताया। ठगों ने कहा - सोने की चेन पहनकर बाहर बैठना खतरे से खाली नहीं है, छिनतई हो सकती है। चेन उतारकर सुरक्षित रख लीजिए। महिला ने जैसे ही चेन उतारी, ठगों ने एक कागज दिया और उसी में लपेटकर रखने को कहा।

इसी दौरान हाथ की सफाई दिखाते हुए उन्होंने सोने की चेन निकाल ली और कागज में पत्थर रख दिया। पुड़िया को कपड़े में बांधकर सुरक्षित रखने की सलाह देकर दोनों फरार हो गए। शाम को जब महिला ने पुड़िया खोली तो उसमें चेन की जगह पत्थर मिला। तब जाकर ठगी का पता चला। सूचना मिलते ही डोमचांच पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है। फिलहाल पुलिस ने लोगों से अपील की है कि खुद को पुलिसकर्मी बताकर गहने उतारने को कहने वाले अनजान लोगों से सतर्क रहें। किसी भी संदिग्ध स्थिति में तुरंत डायल 112 पर सूचना दें।

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें