JHARKHAND NEWS : राज्यपाल संतोष कुमार ने रांची में 7वें झारखण्ड एक्सीलेंस अवार्ड समारोह में हुए शामिल
रांची : राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने गुरुवार को यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया, झारखंड राज्य शाखा द्वारा आर्यभट्ट सभागार, रांची में आयोजित 7वें झारखण्ड एक्सीलेंस अवार्ड समारोह में शामिल हुए.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि निरंतर परिश्रम, दृढ़ संकल्प और सकारात्मक सोच के बल पर कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि सम्मान केवल किसी व्यक्ति का ही नहीं, बल्कि उसके माध्यम से परिश्रम, ईमानदारी, अनुशासन, सेवा-भाव और समर्पण जैसे जीवन-मूल्यों का भी होता है.
समारोह में लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से प्रो० गोपाल पाठक को सम्मानित किया गया. इसके अतिरिक्त साहित्य के क्षेत्र में पंकज दुबे,अभिनय एवं सिनेमा के क्षेत्र में राजेश कुमार,समाज सेवा,सामुदायिक विकास एवं जननेतृत्व के क्षेत्र में रौशनी खलखो,स्पोर्ट्स एंकरिंग के लिए ऋद्धिमा पाठक,स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में डॉ० प्रेम,थियेटर एवं परफॉर्मिंग आर्ट्स के क्षेत्र में राकेश रमण,पत्रकारिता के क्षेत्र में संजय मिश्रा,शिक्षा के क्षेत्र में प्रो० ए०के० चटोराज,ऑनलाइन एजुकेटर अवार्ड से साक्षी जैन,ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में सुनील आर्यंत,खेल के क्षेत्र में शुभालक्ष्मी शर्मा एवं एल० पलटोदीप सिंह,इवेंट प्लानिंग के क्षेत्र में प्रशांत सूरज,अभिनय (इमर्जिंग टैलेंट) श्रेणी में राजू तिर्की,पत्रकारिता (इमर्जिंग टैलेंट) श्रेणी में वैशाली राज तथा फिल्म मेकिंग के क्षेत्र में इम्तियाज़ अली को सम्मानित किया गया.
इस अवसर पर झारखण्ड विधानसभा के वरिष्ठ सदस्य सी.पी. सिंह,विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति,शिक्षाविद्,समाजसेवी,खिलाड़ी,युवा तथा बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे.