Live

JHARKHAND NEWS

एक रात में 39 फरार अभियुक्त गिरफ्तार, 55 को रिकॉल पर मिली राहत

S
Srishtyलेखक

बोकारो पुलिस ने अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों में फरार चल रहे अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर शनिवार की रात जिलेभर में विशेष समकालीन अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने 94 फरार अभियुक्तों और वारंटियों को गिरफ्तार किया। हालांकि, 55 लोगों के रिकॉल प्रस्तुत करने पर उन्हें छोड़ दिया गया, जबकि शेष 39 अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में 72 पुलिस टीमों का गठन किया गया था, जिसमें 250 पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे। इन टीमों ने जिले के 32 थाना और ओपी क्षेत्रों में 222 संभावित ठिकानों पर छापेमारी की।

अभियान के दौरान 31 वारंटियों और विभिन्न कांडों में वांछित 8 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों में वर्ष 2012 से फरार चल रहा चास निवासी अशोक कुमार शर्मा भी शामिल है।वहीं, जरीडीह थाना क्षेत्र में वर्ष 2023 के हत्या कांड में फरार चल रहे पांच वारंटियों को भी गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा, महुआटांड़ थाना क्षेत्र में वर्ष 2018 के हत्या कांड में फरार सुखदेव मांझी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ न्यायालय से कुर्की का आदेश जारी था।

बोकारो पुलिस का कहना है कि अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के निष्पादन को लेकर इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें