JHARKHAND NEWS : सेना भर्ती रैली रांची में 22 अगस्त से 4 सितंबर 2025 तक आयोजित, उपायुक्त की अध्यक्षता में की गई तैयारी बैठक

Edited By:  |
jharkhand news

RANCHI : झारखंड के रांची जिले में वर्ष 2025-26 के लिए सेना भर्ती रैली 22 अगस्त से 4 सितंबर तक आयोजित होने जा रही है। इस महत्वपूर्ण आयोजन को लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रांची मंजुनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय ब्लॉक-ए स्थित सभागार में बैठक की गई।

बैठक में अपर समाहर्ता रांची रामनारायण सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी सदर रांची उत्कर्ष कुमार, पुलिस अधीक्षक नगर रांची अजीत कुमार, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण प्रवीण पुष्कर, डायरेक्टर Recruiting रांची कर्नल विकास भोला, जिला नज़ारत उप समाहर्ता रांची डॉ. सुधेश कुमार, जिला जन संपर्क पदाधिकारी रांची उर्वशी पांडेय समेत भर्ती से जुड़े सभी वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

बैठक में कर्नल विकास भोला ने कहा कि इस भर्ती रैली का मुख्य उद्देश्य रांची जिले के युवाओं को सेना में अधिक से अधिक भर्ती कराना है। उन्होंने युवाओं को अपना भविष्य मजबूत बनाने के लिए सेना में शामिल होने की अपील की। साथ ही कर्नल विकास भोला ने रैली के दौरान उम्मीदवारों को मिलने वाली सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर दिया। रैली स्थल पर विधि-व्यवस्था, ट्रैफिक मैनेजमेंट, भर्ती स्थल की चौतरफा सुरक्षा, CGI शीट बैरिकेडिंग, 1.6 किलोमीटर रन एरिया, और निर्धारित विश्राम क्षेत्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को सख्ती से लागू करने को कहा गया।

मेडिकल कवर और एम्बुलेंस की उपलब्धता पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। रैली के सभी दिनों में सुबह 4 बजे से मेडिकल टीम और एम्बुलेंस तैनात रहेंगी, ताकि किसी भी चोट या बीमारी की स्थिति में त्वरित सहायता प्रदान की जा सके। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रांची मंजुनाथ भजन्त्री ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा रैली की सफलता सुनिश्चित करने के लिए पूरी समर्पित व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को बेहतर समन्वय और सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।