Live

JHARKHAND NEWS

चार महीने की मेहनत पर फिरा पानी, बेमौसम बारिश से खेतों में बिछी धान की फसल; किसानों की बढ़ी चिंता

S
Srishtyलेखक

चक्रवाती तूफान 'अकवान' के असर से हुई बेमौसम बारिश और तेज हवा ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सरायकेला-खरसावां जिले के ग्रामीण इलाकों में खेतों में पककर तैयार धान की फसल तेज हवा के कारण जमीन पर गिर गयी है। गुरुवार शाम से रुक-रुककर हो रही बारिश ने कटाई की तैयारी कर रहे किसानों की चिंता बढ़ा दी है। "कई किसानों ने धान की कटाई शुरू कर दी थी, लेकिन बारिश के कारण खेतों में पानी भरने और कटी हुई फसल भींगने से अब नुकसान की आशंका बढ़ गयी है। किसानों को डर है कि यदि मौसम जल्द साफ नहीं हुआ, तो खेतों में पड़ी फसल सड़ सकती है और धान के दानों पर दाग लगने से उनकी गुणवत्ता भी खराब हो सकती है। तेज हवा के कारण खेतों में खड़ी धान की फसल गिर गयी है।

लगातार बारिश से खेतों में पानी और कीचड़ जमा हो गया है, जिससे फसल की कटाई करना भी मुश्किल हो गया है। जिन किसानों ने धान काट लिया था, उनके लिए भी उसे सुरक्षित रखना चुनौती बन गया है। इस वर्ष खाद, बीज, कीटनाशक और मजदूरी पर बढ़ते खर्च के बावजूद किसानों ने अच्छी उपज की उम्मीद में धान की खेती की थी। तीन से चार महीने तक कड़ी मेहनत करने के बाद फसल पककर तैयार हुई थी। किसानों को उम्मीद थी कि अच्छी पैदावार से खेती की लागत निकलने के साथ परिवार की जरूरतें भी पूरी होंगी, लेकिन कटाई के ठीक पहले मौसम बदलने से उनकी उम्मीदों को झटका लगा है। किसानों के अनुसार, खेतों में गिरी धान की फसल को काटने और सुखाने में अब पहले से अधिक मेहनत करनी पड़ेगी। बारिश में भीगी हुई कटी फसल के दाने काले पड़ सकते हैं, उन पर दाग लग सकते हैं और फसल सड़ सकती है। इससे धान की गुणवत्ता प्रभावित होगी और बाजार में कीमत कम मिल सकती है—यानी पैदावार घटने के साथ आर्थिक नुकसान का सीधा खतरा है।" उदालखाम गांव के किसान विजय महतो ने बताया कि उनकी दो एकड़ जमीन पर लगी धान की फसल बारिश और तेज हवा के कारण खेतों में गिर गयी है। उन्होंने कहा कि खाद, बीज और मजदूरों पर लगातार खर्च बढ़ रहा है। इसके बावजूद उन्होंने पूरी मेहनत से फसल तैयार की थी। उम्मीद थी कि अच्छी उपज मिलेगी, लेकिन कटाई के ऐन वक्त पर हुई बारिश और तेज हवा ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया। विजय महतो ने कहा कि प्राकृतिक आपदा पर किसानों का कोई नियंत्रण नहीं है। किसान पूरे साल मेहनत करते हैं, लेकिन मौसम की मार उनकी सारी उम्मीदों पर पानी फेर देती है। उन्होंने झारखंड सरकार और जिला प्रशासन से प्रभावित खेतों में फसल नुकसान का आकलन कराने और किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें