JHARKHAND NEWS
2900 छात्र मे मात्र 8 शिक्षक - कोडरमा में शिक्षा व्यवस्था फेल
कोडरमा जिले के सतगावां में शिक्षा व्यवस्था की पोल खुल गई है। सतगावां के एक सरकारी स्कूल में 2900 छात्रों को पढ़ाने के लिए सिर्फ 8 शिक्षक हैं। आलम ये है कि पढ़ाई छोड़कर सैकड़ों छात्र सड़क पर उतर आए और ब्लॉक मुख्यालय का घेराव कर दिया। मामला सतगावां प्रखंड के राज्य संपोषित +2 उच्च विद्यालय बासोडीह की है। इस विद्यालय के छात्र-छात्राओं का गुस्सा फूट पड़ा है । हाथ में कॉपी-किताब की जगह है मांगों की तख्ती और जुबां पर है एक ही सवाल... हम पढ़ेंगे कैसे, जब पढ़ाने वाला ही कोई नहीं? बुधवार को सैकड़ों छात्र क्लास छोड़कर स्कूल से 3 किलोमीटर पैदल चलकर सीधे सतगावां ब्लॉक पहुंच गए और प्रखंड मुख्यालय के सामने धरने पर बैठ गए।
आंकड़ा चौंकाने वाला है। कक्षा 9वीं से 12वीं तक साइंस और आर्ट्स की पढ़ाई इस स्कूल मे होती है। जिसमे कुल छात्र हैं 2900... और शिक्षक... सिर्फ 8 मतलब एक शिक्षक पर लगभग 375 छात्र। कई विषयों के शिक्षक तो हैं ही नहीं, लैब में ताला है, लाइब्रेरी में किताबें नहीं।
मांग सिर्फ शिक्षकों की नहीं है। स्कूल तक जाने वाली सड़क जर्जर है, बरसात में कीचड़ से भर जाती है। जनप्रतिनिधियों पर सीधा हमला बोलते हुए छात्रों ने कहा - वोट लेने आते हैं, लेकिन महीने में एक बार भी स्कूल की सुध लेने नहीं आते।
इधर हंगामे की सूचना पर प्रखंड प्रशासन मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने छात्रों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को डीईओ और उपायुक्त तक पहुंचाया जाएगा।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।