Live

JHARKHAND NEWS

CM हेमन्त सोरेन से STF के शहीद आरक्षी सुनील धान के परिजनों ने की मुलाकात

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

रांची : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से मंगलवार को कांके रोड, रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में झारखंड जगुआर (एसटीएफ) के शहीद आरक्षी सुनील धान के परिजनों ने मुलाकात की. इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने शहीद आरक्षी सुनील धान के परिजनों को सम्मान राशि के रूप में स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया, पुलिस सैलरी पैकेज के अंतर्गत निर्गत 1 करोड़ 20 लाख रुपए की वित्तीय सहायता राशि का चेक सौंपा. वहीं गृह विभाग द्वारा 1 करोड़ 46 लाख 26 हजार 972 रुपए की राशि उनके बैंक अकाउंट में क्रेडिट किए गए.

मुख्यमंत्री ने शहीद जवान के परिजनों से सहानुभूतिपूर्वक बातचीत की तथा उनकी पारिवारिक स्थिति की जानकारी ली. मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शहीद के परिजनों के साथ सदैव खड़ी है. उन्होंने कहा कि आरक्षी सुनील धान जी ने राज्यवासियों की सेवा करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है, उनकी शहादत को नमन करते हैं.

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार एक शहीद परिवार की पीड़ा को गहराई से समझती है. झारखंड हमेशा अपने शहीदों का ऋणी रहेगा. उन्होंने शहीद के परिजनों का हिम्मत बढ़ाते हुए कहा कि राज्य सरकार अपने बहादुर आरक्षी सुनील धान के परिवार के साथ है. हमारी सरकार शहीद के बलिदान के सम्मान में उनके परिजनों को हरसंभव मदद करती रहेगी. मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से शहीद आरक्षी सुनील धान की 65 वर्षीय माता फगनी उराइन, 29 वर्षीय पत्नी गंदरी धान एवं दो पुत्र प्रियांश धान (5 वर्ष) तथा अनिकेत धान (3 वर्ष) सहित अन्य परिजनों ने संवाद कर पारिवारिक स्थिति की विस्तृत जानकारी साझा की.

मुख्यमंत्री ने परिजनों से कहा कि वे अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा प्रदान करें. उन्होंने शहीद आरक्षी सुनील धान की पत्नी से कहा कि राज्य सरकार के प्रावधान के तहत आप चाहें तो अनुकंपा पर सरकारी नौकरी कर सकती हैं. शहीद की पत्नी ने मुख्यमंत्री से कहा कि उनके बच्चे अभी काफी छोटे हैं. आने वाले दिनों में वे नौकरी करने के संबंध में विचार करेंगी.

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें