JHARKHAND NEWS
कांग्रेस में बड़ा फेरबदल, प्रणव झा को राष्ट्रीय कमान, अंबा प्रसाद की AICC से छुट्टी
कांग्रेस संगठन में बड़े बदलाव की आहट के बीच राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने 81 AICC सचिवों की नई सूची जारी कर दी है। महासचिव केसी वेणुगोपाल के हस्ताक्षर से जारी इस आदेश ने झारखंड की सियासत में भी हलचल तेज कर दी है। एक तरफ प्रणव झा को सीधे कांग्रेस अध्यक्ष के कार्यालय से जोड़ा गया है, तो दूसरी तरफ बड़कागांव की पूर्व विधायक अंबा प्रसाद समेत कई पुराने सचिवों को मौजूदा जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है। इस फेरबदल में झारखंड के दो नेताओं को राष्ट्रीय सचिव की कमान सौंपी गई है। हजारीबाग से आने वाले भीम कुमार और गुमला के बॉबी भगत अब राष्ट्रीय सचिव के तौर पर काम करेंगे। इसके साथ ही संगठन को धार देने के लिए भूपेंद्र मरावी और अवनीश काजला को झारखंड का सह-प्रभारी बनाया गया है। अलग-अलग राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों और विभागों के लिए तय की गई यह 81 नामों की सूची तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।
दूसरी ओर,इस बदलाव का बड़ा पहलू पूर्व विधायक अंबा प्रसाद से जुड़ा है। लगातार चर्चा में रहीं अंबा प्रसाद का नाम नई सचिव सूची में नहीं है,बल्कि उन्हें 25 निवर्तमान AICC सचिवों और संयुक्त सचिवों की सूची में रखा गया है—जहाँ उनका नाम सबसे ऊपर दर्ज है। झारखंड कांग्रेस के उपाध्यक्ष सतीश पॉल मुंजनी ने कहा कि बदलाव संगठन में चलने वाली एक स्वाभाविक और अनवरत प्रक्रिया है,और पार्टी ने अंबा प्रसाद समेत सभी निवर्तमान सचिवों के योगदान की सराहना की है। हालांकि,इस फैसले के पीछे कोई अलग वजह औपचारिक रूप से नहीं बताई गई है,लेकिन झारखंड कांग्रेस में इसे एक बड़े संगठनात्मक संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।