JHARKHAND NEWS
कभी भी धंस सकता है फुसरो-करगली मुख्य मार्ग,सड़क पर दरार और बगल में गड्ढे से बढ़ा हादसा होने का खतरा
फुसरो-करगली मुख्य मार्ग पर सीसीएल ढोरी जीएम कार्यालय के मुख्य द्वार के समीप सड़क पर पड़ी लंबी और बड़ी दरार ने खतरे की घंटी बजा दी है. दरार के ठीक बगल में पहले से मौजूद गहरा गड्ढा हालात को और संगीन बना रहा है. आशंका है कि दरार बढ़ने पर सड़क का उक्त हिस्सा गड्ढे में समा सकता है.चिंता सिर्फ सड़क तक सीमित नहीं है. दरार सड़क के किनारे तक पहुंचने के साथ आसपास की दुकानों की जमीन में भी दिखाई दे रही है, जिससे स्थानीय दुकानदारों और लोगों में फिक्र बढ़ गई है. इससे यह अंदेशा भी गहरा रहा है कि यदि दरार का फैलाव जारी रहा तो सड़क के साथ आसपास का हिस्सा भी प्रभावित हो सकता है.
व्यस्ततम मार्ग पर दिन-रात छोटे-बड़े वाहनों के साथ भारी वाहनों की आवाजाही होती है. ऐसे में सड़क की मौजूदा स्थिति किसी बड़े हादसे का सबब बन सकती है.लगातार वाहनों के दबाव के बीच सड़क का हिस्सा धंसने की स्थिति में हालात बेहद गंभीर हो सकते हैं.स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से मामले का तुरंत संज्ञान लेते हुए स्थल की तकनीकी जांच और तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि अनहोनी का इंतजार करने के बजाय एहतियाती कदम वक्त रहते उठाना जरूरी है, ताकि जान-माल के नुकसान की नौबत न आए.
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।