Live

JHARKHAND NEWS

झारखंड HC का बड़ा फैसला, 60 साल तक जारी रहेगी कर्मचारी की नौकरी, IAS समेत 4 को राहत

S
Srishtyलेखक

झारखंड हाई कोर्ट से सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों के अधिकारों से जुड़ी एक बेहद अहम खबर सामने आई है। जस्टिस दीपक रोशन की अदालत ने चार अलग-अलग मामलों की सुनवाई करते हुए राज्य सरकार को सख्त और स्पष्ट निर्देश दिए हैं। इन फैसलों से एक आईएएस अधिकारी, एक रिटायर्ड कर्मचारी, एक प्रोफेसर और एक दैनिक वेतनभोगी ड्राइवर—यानी सालों से न्याय का इंतजार कर रहे चार याचिकाकर्ताओं को बड़ी राहत मिली है। आइए, एक-एक कर समझते हैं कि कोर्ट ने किस मामले में क्या आदेश दिया है।

पहला मामला 2014 बैच के आईएएस अधिकारी पवन कुमार मंडल की पदस्थापना से जुड़ा है। सुनवाई के दौरान अदालत ने अधिकारियों की बैच वरिष्ठता पर महत्वपूर्ण टिप्पणी की। कोर्ट ने कहा कि जब 2015 बैच के जूनियर अधिकारियों को अपर सचिव की जिम्मेदारी दी जा चुकी है,तो उनसे वरिष्ठ 2014 बैच के अधिकारी को संयुक्त सचिव के पद पर बनाए रखना उचित नहीं है। हाई कोर्ट ने राज्य सरकार को छह सप्ताह के भीतर आदेश जारी कर पवन कुमार मंडल को अपर सचिव या इसके समकक्ष पद पर नियुक्त करने का निर्देश दिया है।

दूसरी बड़ी राहत झारखंड राज्य वन विकास निगम के पूर्व कर्मचारी रामेश्वर प्रसाद सिन्हा को मिली है। विभाग ने साल 2012 में एक पत्र जारी कर उन्हें 58 साल की उम्र में ही रिटायर कर दिया था। इस फैसले को चुनौती देने पर अब हाई कोर्ट ने विभागीय आदेश को निरस्त कर दिया है। अदालत ने स्पष्ट किया है कि उन्हें 60 वर्ष की आयु तक सेवा में माना जाएगा। साथ ही, सरकार और विभाग को निर्देश दिया गया है कि 16 सप्ताह के भीतर गणना कर उन्हें दो साल का बकाया वेतन और अन्य सेवानिवृत्ति लाभ का भुगतान किया जाए।

तीसरा फैसला उच्च शिक्षा जगत से जुड़ा है। विनोबा भावे विश्वविद्यालय के एसोसिएट प्रोफेसर भोला मिश्रा के मामले में कोर्ट ने उनके पक्ष में फैसला सुनाया है। दरअसल, विभाग और विश्वविद्यालय ने उनका पीएचडी एडवांस इंक्रीमेंट खत्म कर बेसिक पे स्केल 14,940 रुपये से घटाकर 12,000 रुपये कर दिया था। याचिकाकर्ता के अधिवक्ता सौरव अरुण की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने उनका मूल वेतन 14,940 रुपये तय करते हुए पीएचडी इंक्रीमेंट का लाभ बहाल करने का आदेश दिया है। विश्वविद्यालय और सरकार को 12 सप्ताह के भीतर पूरा बकाया एरियर चुकाना होगा.

चौथा और आखिरी मामला गिरिडीह के रहने वाले दैनिक वेतनभोगी जीप चालक कुलदीप कुमार तुरी का है, जो मई 2009 से जिला कल्याण कार्यालय में स्वीकृत पद पर लगातार काम कर रहे हैं। दस साल से अधिक की सेवा और आयुक्त की समिति की अनुशंसा के बावजूद कल्याण विभाग की राज्य स्तरीय समिति ने उन्हें नियमित करने से इनकार कर दिया था। अब हाई कोर्ट ने उस इनकार वाले आदेश को रद्द कर दिया है और विभाग को आठ सप्ताह के भीतर कुलदीप कुमार तुरी की सेवा नियमित करने का निर्देश दिया है।

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें