JHARKHAND NEWS
किरीबुरू में गहराया जल संकट,हाथियों की आमद से ठप हुई जलापूर्ति, बिजली काटने की मजबूरी
समीपवर्ती गांवों में जंगली हाथियों के प्रवेश की सूचना के बाद, सुरक्षा के मद्देनजर रात के समय बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई है। हाथियों की आवाजाही को देखते हुए किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रशासन द्वारा यह एहतियाती कदम उठाया गया है।रात में बिजली आपूर्ति बाधित रहने का सीधा असर किरीबुरू की जलापूर्ति व्यवस्था पर पड़ा है। बिजली न होने के कारण पंपिंग कार्य नहीं हो सका, जिसके चलते आज यानी रविवार को किरीबुरू शहर में जलापूर्ति नहीं हो सकेगी। इस वजह से शहरवासियों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीण और वन क्षेत्रों में हाथियों की लगातार मौजूदगी को देखते हुए संबंधित विभाग पूरी तरह सतर्क हैं। लोगों से लगातार अपील की जा रही है कि वे हाथियों के करीब न जाएं और उनसे सुरक्षित दूरी बनाकर रखें। खासकर रात के समय जंगल और हाथी प्रभावित इलाकों में अनावश्यक आवाजाही न करने की सख्त सलाह दी गई है। इसके अलावा, हाथियों को उकसाने या उन्हें देखने के लिए उनके पास जाने से भी बचने को कहा गया है, ताकि किसी तरह की खतरे की स्थिति पैदा न हो।
किरीबुरू सिविल विभाग ने जलापूर्ति बाधित होने से शहरवासियों को हुई असुविधा के लिए गहरा खेद जताया है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे मौजूदा हालात को देखते हुए प्रशासन का सहयोग करें और पानी का आवश्यकतानुसार ही उपयोग करें।
वन विभाग और संबंधित अधिकारी हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।