JHARKHAND NEWS
बेजड़ा बालू घाट पर अवैध और बेलगाम संचालन का खेल; नाबालिग चला रहे बिना नंबर के ओवरलोड ट्रैक्टर, घाट पर लहरा रहा राजनीतिक झंडा
धनबाद का बेजड़ा बालू घाट इन दिनों भारी चर्चा और विवादों के केंद्र में है। कुछ दिन पहले निरसा के विधायक अरूप चटर्जी ने अवैध बालू खनन और बढ़ी हुई कीमतों के खिलाफ पूर्वी टुंडी थाना का घेराव किया था, जिससे आम लोगों के कंस्ट्रक्शन कार्य ठप हो गए थे। लेकिन अब हालात पूरी तरह बदलते हुए एक नए और गंभीर संकट की ओर इशारा कर रहे हैं।जैसे ही मुखियाओं के माध्यम से बालू का वैध चालान शुरू हुआ, उसके आड़ में नियमों की धज्जियां उड़ाई जाने लगीं। बेजड़ा बालू घाट पर बिना नंबर प्लेट और फर्जी रजिस्ट्रेशन वाले ट्रैक्टर धड़ल्ले से दौड़ रहे हैं। सबसे खतरनाक पहलू यह है कि इन भारी-भरकम वाहनों को नाबालिग चालक चला रहे हैं, और ट्रैक्टर्स में निर्धारित क्षमता से कहीं अधिक ओवरलोड बालू लादा जा रहा है।
जब हाल ही में पूर्वी टुंडी थाना पुलिस ने इस पर औचक जांच की, तो गाड़ियों में भारी अनियमितताएं और त्रुटियां पाई गईं, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई ट्रैक्टरों को पकड़ा। कार्रवाई के बाद अब ट्रैक्टर मालिक थाने पहुंचकर अपने कागजात सही साबित करने की जुगत भिड़ा रहे हैं। इस पूरे मामले में एक और हैरान करने वाली बात सामने आई है—बेजड़ा बालू घाट पर बालू स्टॉक के पास एक लाल झंडा शान से लहराता नजर आ रहा है, जो किसी खास राजनीतिक या पार्टी के दबदबे की ओर इशारा करता है।
अब सबसे बड़ा और गंभीर सवाल यह उठता है कि क्या स्थानीय पुलिस और जिला प्रशासन इस खुली अवैध गतिविधियों और बालू के इस अवैध खेल को जानबूझकर अनदेखा कर रही है? क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे या अनहोनी का इंतजार कर रहा है? जब इस पूरे मामले पर पूर्वी टुंडी के अंचल अधिकारी सुरेश प्रसाद वर्णवाल से सवाल किया गया, तो उन्होंने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुनने के बाद सख्त कार्रवाई करने का भरोसा दिया है।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस राजनीतिक दबदबे और नियम-कानूनों की धज्जियां उड़ाने वालों पर कितना शिकंजा कस पाता है।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।