JHARKHAND NEWS
झारखंड विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस पर खेल प्रतिभाओं का सम्मान, झोंगो पाहन व जीतू राम बेदिया पुरस्कृत
झारखंड विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित विशेष समारोह में आज राज्य के उन जांबाज खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर झारखंड और देश का नाम रोशन किया है।इस गरिमामयी समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत कई कैबिनेट मंत्री उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत और ऐतिहासिक उपलब्धियों को याद करते हुए उनके योगदान की दिल खोलकर सराहना की.इस अवसर पर कुल 17 खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाना था। लेकिन इनमें से कई खिलाड़ी आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारियों में जुटे हैं, तो कुछ मौजूदा खेल स्पर्धाओं में हिस्सा ले रहे हैं। व्यस्त कार्यक्रमों के कारण सभी खिलाड़ी खुद मंच पर नहीं पहुँच सके।
ऐसे में उन खिलाड़ियों के स्थान पर उनके परिजनों को सम्मान प्रदान किया गया। जब माता-पिता और परिवारजनों ने अपने बच्चों की उपलब्धि पर सम्मान ग्रहण किया, तो यह पल पूरे सभागार के लिए बेहद भावुक और गौरवपूर्ण रहा।समारोह में सबसे पहले खूंटी जिले के सिल्दा गांव के पैरा तीरंदाज झोंगो पाहन को सम्मानित किया गया। शारीरिक चुनौतियों के बावजूद झोंगो पाहन ने अपने अदम्य साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति और अथक परिश्रम से यह साबित किया है कि हौसलों के आगे कोई बाधा नहीं टिकती।उन्होंने संयुक्त अरब अमीरात के दुबई में 7 से 14 दिसंबर 2025 तक आयोजित पांचवें एशियन यूथ पैरा गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता था। भारतीय तीरंदाजी टीम का हिस्सा रह चुके झोंगो पाहन आज लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा हैं।
इसके बाद रांची जिले के सिल्ली क्षेत्र के जोन्हा गांव के युवा तीरंदाज जीतू राम बेदिया को सम्मानित किया गया। बेहद साधारण और निर्धन परिवार से आने वाले जीतू राम का सफर आसान नहीं था,लेकिन कठिन हालातों के बीच उनकी प्रतिभा और मेहनत ने उन्हें नई ऊंचाई दी।
जीतू राम ने भी दुबई में हुए पांचवें एशियन यूथ पैरा गेम्स मेंकांस्य पदक हासिल किया और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय तीरंदाजी को एक मजबूत पहचान दिलाई।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।