JHARKHAND NEWS
शेल्टर होम में रह रही है नन्ही 'निधि', माता-पिता की तलाश में प्रशासन ने जारी की सार्वजनिक सूचना
माँ की ममता और परिवार के प्यार का इंतजार कर रही है रांची की नन्ही ‘निधि’। हटिया रेलवे स्टेशन के पास एक आवासीय क्वार्टर में बेहद कमजोर हालत में मिली इस बच्ची के माता-पिता की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। फिलहाल बच्ची बाल संरक्षण गृह में है। अब अगले 60 दिन उसके भविष्य के लिहाज से बेहद अहम हैं। इस दौरान जैविक माता-पिता या वैध कानूनी अभिभावक सामने नहीं आते हैं, तो नियमानुसार दत्तक ग्रहण की कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ सकती है।
10 सितंबर को मिली इस मासूम को रानी चिल्ड्रेन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उस वक्त उसका वजन महज 1.3 किलोग्राम था। इलाज के बाद 11 अक्टूबर को उसे छुट्टी मिली और अब वह करुणा एनएमओ शेल्टर होम में है। बच्ची का वजन बढ़कर करीब 1.8 किलोग्राम हो गया है। प्रशासन ने ‘निधि’ के परिवार की तलाश के लिए सार्वजनिक सूचना जारी की है। अगर किसी के पास उसके माता-पिता या परिवार से जुड़ी जानकारी है, तो बाल कल्याण समिति या जिला बाल संरक्षण इकाई, रांची से संपर्क कर सकते हैं। दोनों कार्यालय समाहरणालय के ब्लॉक-बी में हैं। कमरा नंबर 110 और 111 के अलावा 0651-3505516 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
निधि को इंतजार है अपनी पहचान और सुरक्षित भविष्य का। उम्मीद है कि किसी की एक सही जानकारी इस मासूम को उसके परिवार तक पहुंचाने में मददगार साबित होगी।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।