JHARKHAND NEWS
बंद खदान में शव मिलने से इलाके में सनसनी, रस्सी से बंधे थे हाथ और पैर, पुलिस खंगाल रही सुराग
झारखंड के पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के मलीपाड़ा गांव में अहले सुबह एक बंद पड़ी पत्थर खदान में तैरता हुआ अज्ञात युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। यह खबर आग की तरह पूरे गांव में फैल गई, जिसके बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही शहर कोल पंचायत के मुखिया विकास गोड़ तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और इसकी सूचना तुरंत नगर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। मौके पर पहुंचे नगर थाना प्रभारी जॉन मुर्मू ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को खदान के पानी से बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, पाकुड़ भेज दिया है।
प्रारंभिक तौर पर शव को देखने से मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कर उसके शव को इस बंद पड़े खदान में फेंका गया है, क्योंकि मृतक के हाथ और पैर रस्सी से बंधे हुए थे।
हालांकि, पुलिस का कहना है कि जब तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच सामने नहीं आ जाती, तब तक कुछ भी स्पष्ट रूप से कहना जल्दबाजी होगी। पुलिस फिलहाल हत्या, आत्महत्या या अन्य सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच कर रही है।सबसे बड़ा सवाल यह है कि मृतक युवक कौन है? खबर लिखे जाने तक शव की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के थानों से लापता युवकों की जानकारी जुटा रही है ताकि मृतक की शिनाख्त की जा सके।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।