JHARKHAND NEWS
सड़क हादसे में युवक की मौत पर हंगामा, टायर जलाकर सड़क जाम, गाड़ी मालिक पर कार्रवाई की मांग
रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र में देर रात सड़क हादसे में एक युवक की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। हादसे से आक्रोशित लोगों ने कुशाई कॉलोनी के पास सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाकर गाड़ी मालिक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
बताया जा रहा है कि रविवार रात युवक दुकान बंद कर अपने घर लौट रहा था, इसी दौरान सड़क हादसे में उसकी मौत हो गई। मृतक अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए गोलगप्पे का ठेला लगाता था। हादसे की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।
आक्रोशित लोगों ने कुशाई कॉलोनी के पास सड़क पर टायर जलाकर जाम कर दिया और गाड़ी मालिक पर कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के कारण सड़क पर आवागमन बाधित हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस-प्रशासन की ओर से कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद लोगों ने सड़क जाम हटा लिया। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।