Live

JHARKHAND NEWS

रांची में अब घर बैठे ऑनलाइन बुक होंगे नगर निगम के सामुदायिक भवन, पहले चरण में 5 हॉल शामिल

S
Srishtyलेखक

रांची नगर निगम के सामुदायिक भवनों की बुकिंग अब ऑनलाइन होगी। पहले चरण में शहर के पांच सामुदायिक भवनों को ऑनलाइन बुकिंग प्रणाली से जोड़ा गया है। हालांकि, ऑनलाइन व्यवस्था शुरू होने के बावजूद अब तक इन भवनों के लिए एक भी बुकिंग नहीं मिली है। पहले चरण में वार्ड-14 स्थित इंदिरा गांधी चौक, वार्ड-18 स्थित ईस्ट जेल रोड, वार्ड-36 स्थित न्यू पुंदाग, वार्ड-44 स्थित इलासिया कम्युनिटी हॉल, पारस टोली और वार्ड-45 स्थित ग्वाला टोली, मजार रोड, डोरंडा के सामुदायिक भवनों को ऑनलाइन बुकिंग प्रणाली से जोड़ा गया है। नगर निगम की ओर से इन भवनों की उपलब्धता की जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है, ताकि लोग अपनी सुविधा के अनुसार तारीख चुनकर बुकिंग कर सकें। नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने कहा कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन बुकिंग होने के बाद ही भू-संपदा शाखा संबंधित बुकिंगकर्ता को चाबी उपलब्ध कराएगी।

रांची नगर निगम के सामुदायिक भवनों की उपलब्धता देखने और बुकिंग करने के लिए आधिकारिक पोर्टल https://apnaranchi.rsccl.in/ पर जाना होगा। यहां उपलब्ध तारीख देखकर अपनी सुविधानुसार तिथि का चयन किया जा सकता है। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर ऑनलाइन बुकिंग कराई जा सकती है। इस व्यवस्था से लोगों को सामुदायिक भवन बुक कराने के लिए नगर निगम कार्यालय के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। सामुदायिक भवनों का उपयोग विवाह समारोह, पारिवारिक और सामाजिक आयोजनों, धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों समेत अन्य महत्वपूर्ण अवसरों के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत किया जा सकेगा। नगर निगम को उम्मीद है कि ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था से भवनों के आवंटन और संचालन में पारदर्शिता बढ़ेगी। साथ ही उनके अनधिकृत उपयोग पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें