JHARKHAND NEWS
पंचतत्व में विलीन हुईं अर्जुन मुंडा की मां सायर मुंडा, भावुक हुए पूर्व सीएम ने खुद दिया कंधा
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता अर्जुन मुंडा की माताजी, सायरा मुंडा का अंतिम संस्कार आज पूरे गमगीन माहौल में संपन्न हो गया। जमशेदपुर के घोड़ाबांधा स्थित उनके आवास पर सुबह से ही पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए रखा गया था। जैसे ही यह दुखद समाचार फैला, अपने प्रिय नेता की माताजी को श्रद्धांजलि देने के लिए बड़ी संख्या में समर्थक, स्थानीय लोग और शुभचिंतक आवास पर उमड़ पड़े। हर आंख नम थी और पूरा माहौल शोक में डूबा हुआ था। दोपहर ठीक एक बजे, घोड़ाबांधा आवास से उनकी अंतिम यात्रा निकाली गई। इस भावुक क्षण में अर्जुन मुंडा ने स्वयं अपनी मां के पार्थिव शरीर को कंधा दिया। 'अमर रहे' के नारों और नम आंखों के बीच यह अंतिम यात्रा भुइयांडीह स्थित स्वर्णरेखा बर्निंग घाट पहुंची, जहां पूरे विधि-विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।
सायरा मुंडा के निधन पर राज्य के राजनीतिक गलियारों में भी शोक की लहर है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और बाबूलाल मरांडी समेत तमाम दिग्गज नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है। गौरतलब है कि देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी कुछ ही दिन पहले फोन पर बात कर उनकी तबीयत का हाल जाना था।सायरा मुंडा का पूरा जीवन सादगी, संघर्ष और परिवार के प्रति अटूट समर्पण की एक मिसाल रहा। अर्जुन मुंडा के पिता के असामयिक निधन के बाद, उन्होंने बेहद कठिन परिस्थितियों का डटकर सामना किया और अकेले दम पर पूरे परिवार का पालन-पोषण कर उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया। एक मां के रूप में उनके त्याग और संस्कारों को हमेशा याद रखा जाएगा
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।