Live

JHARKHAND NEWS

दीपावली से पहले आसमान छू रहे फ्लाइट के दाम, मुंबई से रांची का सफर अब 26 हजार के पार

S
Srishtyलेखक

दीपावली का पावन पर्व..अपनों का साथ और घर वापसी की खुशी! लेकिन इस बार दिवाली पर घर लौटना आपकी जेब पर भारी पड़ने वाला है। अगर आप भी 6 और 7 नवंबर को देश के अलग-अलग शहरों से रांची आने की तैयारी कर रहे हैं, तो एयरलाइंस का बढ़ा हुआ किराया आपके सारे उत्साह पर पानी फेर सकता है!इस बार त्योहारी सीजन में रांची आने वाली उड़ानों के दाम आसमान छू रहे हैं। सबसे चौंकाने वाला हाल भुवनेश्वर-रांची रूट का है। जहां सामान्य दिनों में इस रूट का किराया महज़ 4,533 रुपये होता है, वहीं 6 नवंबर को यही टिकट बढ़कर 25,665 रुपये यानी सामान्य से 5 गुना से भी ज्यादा पर पहुंच गया है! 7 नवंबर को भी किराया 15,296 रुपये बना हुआ है।"

बात सिर्फ भुवनेश्वर की नहीं है। आर्थिक राजधानी मुंबई से रांची आने वाला जो टिकट आम दिनों में 8,484 रुपये का मिलता है, वह 6 नवंबर को 22,730 रुपये और 7 नवंबर को 19,597 रुपये में मिल रहा है। हैदराबाद से आने वालों को भी 18 से 19 हजार रुपये तक चुकाने पड़ रहे हैं, जबकि अहमदाबाद का किराया सीधे उछलकर 21,734 रुपये हो गया है।सवाल यह है कि आखिर किराए में इस बेतहाशा बढ़ोतरी की वजह क्या है? जानकारों के मुताबिक, त्योहारी सीजन में अचानक मांग का बढ़ना और सीमित सीटें इसके पीछे की मुख्य वजह हैं। विमानन कंपनियों की 'डायनेमिक प्राइसिंग' नीति के तहत जैसे-जैसे सस्ती सीटें बिकती जाती हैं, बाकी सीटों के दाम कई गुना बढ़ जाते हैं। ऊपर से रांची के लिए सीधी उड़ानों के सीमित विकल्प यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ा देते हैं।

त्योहार अपनों के साथ मनाने का नाम है, लेकिन इस बार की महंगाई ने घर वापसी के रास्ते को काफी महंगा कर दिया है। अब देखना यह होगा कि क्या यात्रियों की जेब पर पड़ रहे इस भारी बोझ को कम करने के लिए एयरलाइंस या प्रशासन की तरफ से कोई राहत मिलती है या नहीं।

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें