Live

JHARKHAND NEWS

सीएम हेमन्त सोरेन ललपनिया में "लुगू बुरू घांटाबाड़ी धोरोमगाढ़ राजकीय महोत्सव और अंतरराष्ट्रीय संताल सरना धर्म महासम्मेलन" में हुए शामिल

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

बोकारो : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन मंगलवार को बोकारो के ललपनिया में आयोजित "लुगू बुरू घांटाबाड़ी धोरोमगाढ़ राजकीय महोत्सव और अंतरराष्ट्रीय संताल सरना धर्म महासम्मेलन" के समापन समारोह में सम्मिलित हुए. राजकीय महोत्सव में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आदिवासी समाज के लोगों से शिक्षा के प्रति जागरूक होने, अपने संवैधानिक एवं सामाजिक अधिकारों को जानने और आर्थिक रूप से सशक्त बनकर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया.

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड खनिज संपदा से भरपूर राज्य है. यहां विभिन्न खनिज संपदाओं का खनन कार्य हो रहे हैं. आदिवासियों के जमीन खोदे जा रहे हैं. झारखंड के खनिज संपदा से देश चलता है, जबकि आदिवासी समाज आज भी पिछड़ा है. उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज अभी भी शैक्षणिक, बौद्धिक एवं आर्थिक रूप से कमजोर हैं. समाज के उत्थान के लिए हमसबों को एकत्रित और संगठित होना होगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड की खनिजों पर हम सभी की हिस्सेदारी होनी चाहिए. उन्होंने आदिवासी समाज के लोगों को शिक्षित करने पर बल दिया, ताकि शिक्षित होकर युवा अपने समाज और राज्य का उत्थान कर सकें. उन्होंने कहा कि शिक्षा से समाज में शक्ति, उन्नति, मजबूती और सकारात्मक बदलाव आयेगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि लुगू बुरू घांटाबाड़ी धोरोमगाढ़ को देश का महत्वपूर्ण केंद्र बिंदु बनाएंगे. इसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया है, जहां आदिवासी समाज के लोग आएंगे और देखेंगे.

संग्रहालय का हो रहा निर्माण

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि लुगू बुरू घांटाबाड़ी में संग्रहालय निर्माण का निर्णय लिया गया है, ताकि आदिवासी समाज को पहचान मिल सके. संग्रहालय से यहां के युवा अपने पारंपरिक व पौराणिक चीजों को जान-समझ सकेंगे. उन्होंने कहा कि इस स्थल को प्रत्येक वर्ष विकसित किए जा रहे हैं. महोत्सव की विशाल तैयारी की जाती है. राज्य सरकार की ओर से सभी सुविधाएं बहाल की गई है. समाज के उत्थान और स्थलों के विकास के लिए विभिन्न कार्य किये जायेंगे. उन्होंने कहा कि सरना धर्म कोड के लिए राज्य सरकार कार्य कर रही है. वर्तमान में एसआईआर की प्रक्रिया चल रही है और आगामी जनगणना कार्य भी शुरू होने वाला है. इस पर ध्यान देने की आवश्यकता है.

प्रसाद के रूप में खिचड़ी का हुआ वितरण

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि लुगू बुरू घांटाबाड़ी राजकीय महोत्सव में उनके समृति शेष पूज्य पिताजी दिशोम गुरु शिबू सोरेन एवं समृति शेष पूज्य माताजी रुपी सोरेन की पावन स्मृति में तीन दिवसीय खिचड़ी प्रसाद का वितरण किया जा रहा है.

गार्ड ऑफ ऑनर मुख्यमंत्री को ललपनिया हैलीपैड पर पहुंचने के उपरांत स्थानीय प्रशासन द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर किया गया. साथ ही स्थानीय प्रशासन के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया. मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने बोकारो के ललपनिया पहुंचने पर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया.

इस अवसर पर पेयजल एवं स्वच्छता, उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के मंत्री योगेंद्र प्रसाद, अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के मंत्री चमरा लिंडा, दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री फागू बेसरा, मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी-सह-विधायक कल्पना सोरेन, विधायक सोमेश चंद्र सोरेन, विधायक उमाकांत रजक, ऊर्जा विभाग के सचिव के० श्रीनिवासन, आरसीसीएफ डॉ० आर० तांगा पंडीयान, उतरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र के आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा, बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना सहित अन्य अधिकारीगण, आयोजन समिति के अध्यक्ष बबुली सोरेन, उपाध्यक्ष लोबिन मुर्मू सहित झारखंड के विभिन्न जिले व ओड़िशा, बंगाल, बिहार, छत्तीसगढ़, गुजरात, नेपाल सहित विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग उपस्थित रहे.

संदीप यादव की रिपोर्ट-

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें