JHARKHAND NEWS
दुमका में लाखों की बड़ी चोरी, खिड़की से घर में घुसे चोर; 3 अलमारी के लॉकर तोड़कर जेवरात-कैश उड़ाए
दुमका के सराय रोड में बीती रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना पुराना सराय कुआं के पास की है, जहां वंदना स्टोर के मालिक अशोक कुमार मोदी के घर से पुश्तैनी ज्वेलरी, सिक्के और नकदी चोरी होने की बात सामने आई है।बताया जा रहा है कि रात में घर के सभी सदस्य सो रहे थे। इसी दौरान चोर खिड़की के रास्ते घर के अंदर दाखिल हुए और कमरे में रखी तीनों अलमारियों के लॉकर तोड़ दिए। सुबह जब परिवार के सदस्यों ने कमरे का दरवाजा खोला, तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। कमरे में सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियों के लॉकर टूटे हुए थे।
परिवार के अनुसार, चोरी गए सामान में पुश्तैनी गहने, सिक्के और नकदी शामिल हैं। शुरुआती अनुमान के मुताबिक चोरी हुए सामान की कीमत करीब 25 से 30 लाख रुपये के बीच बताई जा रही है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के इलाके में छानबीन करने के साथ ही चोरी के तरीके और संभावित सुरागों की जांच में जुटी है। फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही चोरी की वास्तविक रकम और घटना में शामिल आरोपियों का खुलासा हो सकेगा।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।