Live

JHARKHAND NEWS

गढ़वा बस डिपो में अवैध बसों का खेल, करोड़ों के राजस्व का नुकसान

S
Srishtyलेखक

झारखंड के गढ़वा जिले में अंतरराज्यीय बस डिपो से कथित तौर पर अवैध बसों का संचालन हो रहा है। आरोप है कि दूसरे राज्यों की दर्जनों बसें बिना वैध परमिट और जरूरी कागजात के सड़कों पर दौड़ रही हैं। इससे सरकार को करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है। वहीं, बस एसोसिएशन ने परिवहन विभाग के कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत से अवैध वसूली किए जाने का भी गंभीर आरोप लगाया है। हालांकि, बस संचालकों ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया है। मामला सामने आने के बाद परिवहन विभाग ने जांच की बात कही है।गढ़वा जिला झारखंड के चार राज्यों उत्तर प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश की सीमाओं से सटा हुआ है। जिले से तीन राष्ट्रीय राजमार्ग भी गुजरते हैं। यही वजह है कि यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में अंतरराज्यीय बसों का परिचालन होता है। लेकिन इस बस परिचालन को लेकर अब गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं। बस एसोसिएशन के मुताबिक, गढ़वा बस डिपो से छत्तीसगढ़ की करीब 60, उत्तर प्रदेश की 10, बिहार की 8 और दिल्ली, हैदराबाद, कोलकाता तथा जबलपुर सहित अन्य शहरों की कई बसें संचालित हो रही हैं।

आरोप है कि इनमें बड़ी संख्या में बसें बिना वैध परमिट और जरूरी दस्तावेजों के चल रही हैं। पलामू बस एसोसिएशन के पदाधिकारियों का आरोप है कि कुछ बस संचालक परिवहन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत से नियमों को ताक पर रखकर बसों का परिचालन कर रहे हैं। एसोसिएशन ने छत्तीसगढ़ की रॉयल बसों पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि कुछ बसें ट्रैक्टर और स्कूटी के रजिस्ट्रेशन नंबर पर संचालित की जा रही हैं। आरोप यह भी है कि अब ये बसें पंचायत और गांव स्तर तक पहुंचकर यात्रियों को उठा रही हैं, जिससे स्थानीय बस संचालकों का कारोबार प्रभावित हो रहा है और उनकी बसें बंद होने के कगार पर पहुंच गई हैं। वहीं, एक बस एजेंट ने करीब 50 बसों के अवैध रूप से संचालित होने का दावा किया है। उसने आरोप लगाया कि इन बसों से कथित तौर पर अवैध वसूली की जाती है और इसकी रकम विभाग के कुछ लोगों तक पहुंचाई जाती है। इस पूरे मामले में इरफान अंसारी और सुधीर चौबे नामक दो एजेंटों पर भी वसूली कर रकम पहुंचाने का आरोप लगाया गया है।

इधर, रॉयल बस के एजेंट और संचालक ने बस एसोसिएशन के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि उनकी सभी बसें वैध तरीके से संचालित हो रही हैं। परिवहन विभाग ने कुछ दस्तावेज मांगे हैं, जिन्हें विभाग के समक्ष प्रस्तुत कर दिया जाएगा। उन्होंने एसोसिएशन के आरोपों को पूरी तरह गलत और निराधार बताया है।

वहीं, पूरे मामले पर गढ़वा के जिला परिवहन पदाधिकारी गोपी उरांव ने कहा कि बसों के अवैध परिचालन को लेकर कुछ शिकायतें मिली हैं। विभाग इसकी जांच कर रहा है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें