Live

JHARKHAND NEWS

देवघर में पुलिस का बड़ा अभियान,पर्यटक स्थलों और सुनसान इलाकों में नशा करने वालों पर एसपी की सीधी नजर

S
Srishtyलेखक

देवघर शहर में नशाखोरी और अड्डेबाजी के खिलाफ पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। पर्यटक स्थलों और प्रमुख चौक-चौराहों पर शराब, गांजा व ब्राउन शुगर का सेवन करने वाले असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए एसपी प्रवीण पुष्कर खुद सड़क पर उतरे। उन्होंने बाइक से करीब डेढ़ से दो घंटे तक शहर का भ्रमण कर विभिन्न इलाकों की स्थिति का जायजा लिया।इस दौरान उन्होंने बुद्धा पहाड़, नंदन पहाड़, जलसार तालाब के आसपास, बरमसिया, देवघर कालेज, देवघर स्टेशन रोड समेत कई इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान बुद्धा पहाड़ और नंदन पहाड़ के आसपास के सुनसान स्थानों के अलावा स्टेशन रोड़ में कुछ युवाओं को शराब का सेवन करते पाया गया। पुलिस ने उन्हें पकड़कर पूछताछ की।

पहली बार नशे का सेवन करते पकड़े गए युवाओं को एसपी ने चेतावनी देकर छोड़ दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि दोबारा इस तरह की गतिविधियों में पकड़े जाने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने नशाखोरी और अड्डेबाजी के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले संभावित स्थानों की भी जानकारी जुटाई.एसपी के इस अभियान में एसडीपीओ कुलदीप कुमार, नगर थाना प्रभारी रवि ठाकुर समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी शामिल रहे। एसपी खुद बाइक चलाकर पुलिस टीम के साथ शहर के विभिन्न हिस्सों में पहुंचे और मौके पर स्थिति का जायजा लिया।शहर में छिनतई, चोरी और झपटमारी जैसी घटनाएं हो रही हैं। वहीं, सार्वजनिक और पर्यटक स्थलों पर अड्डेबाजी कर नशा करने वालों के कारण आम लोगों को भी असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने नशाखोरी और अड्डेबाजी के खिलाफ अभियान शुरू किया है। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थानों को चिह्नित कर नियमित निगरानी और कार्रवाई की जाएगी।

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें