JHARKHAND NEWS
यूएसए के हथियारों के साथ जीजा-साला गिरफ्तार,स्वर्ण कारोबारी थे निशाने पर, टला बड़ा हादसा
झारखंड के तरा जिले की कुंदा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए इलाके में सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने की फिराक में जुटे एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से USA मेड अवैध पिस्टल और कारतूस बरामद किए हैं।
घटना के संबंध में जानकारी देते हुए चतरा के एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि कुंदा थाना क्षेत्र के एकता गांव में कुछ संदिग्ध अपराधी अवैध हथियारों के साथ किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।
इस सूचना के बाद, कुंदा थाना प्रभारी सह पुलिस अवर निरीक्षक अमित कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया।
टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुंदा थाना क्षेत्र के पिंजनी गांव स्थित पड़रियाबर के तीन मोहान इलाके में सघन छापेमारी अभियान चलाया। इसी दौरान पुलिस को देखकर एक मोटरसाइकिल सवार युवक भागने लगा, जिसे पुलिस बल ने खदेड़ कर दबोच लिया।
पकड़े गए शख्स की जब विधिवत तलाशी ली गई, तो उसके पास से सनसनीखेज खुलासे हुए।
आरोपी के बेल्ट में खूसा हुआ मेड इन यूएसए (No-11 लिखा हुआ) अवैध देशी पिस्टल बरामद किया गया।
इसके साथ ही 9 एमएम का एक जिंदा कारतूस, दो मिस फायर गोलियां, और घटना में इस्तेमाल की जाने वाली हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी ज़ब्त की गई है।
पूछताछ में गिरफ्तार अपराधी की पहचान कुंदा थाना क्षेत्र के ही मांझीपाड़ा गांव निवासी दशरथ कुमार भारती के रूप में हुई है। एसडीपीओ ने बताया कि दशरथ का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और कुंदा थाने में उसके खिलाफ पहले से भी एक मामला दर्ज है।
पूछताछ के दौरान आरोपी दशरथ ने पुलिस को बताया कि उसके साले ने इलाके के बड़े कारोबारियों को टारगेट करने के उद्देश्य से उसे यह अवैध हथियार उपलब्ध कराया था।
इस खुलासे के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दशरथ के साले—एकता गांव के मरगड़ा टोला निवासी विक्रम कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि ये दोनों जीजा-साला मिलकर कुंदा थाना क्षेत्र के बड़े स्वर्ण व्यापारियों और अन्य कारोबारियों को निशाना बनाकर इलाके में दहशत फैलाने की फिराक में थे। लेकिन, पुलिस की मुस्तैदी ने समय रहते इनके नापाक मंसूबों पर पानी फेर दिया।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।