Live

JHARKHAND NEWS

झारखंड समेत कई राज्यों पर चक्रवाती तूफान का खतरा मंडराया, 28-29 अक्टूबर को भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट

S
Srishtyलेखक

बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका के बीच झारखंड समेत कई राज्यों में खराब मौसम का खतरा बढ़ गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 28 और 29 अक्टूबर को झारखंड के कई हिस्सों में तेज हवाओं, वज्रपात और भारी बारिश की संभावना है। इसका असर 30 अक्टूबर तक बने रहने का अनुमान है। मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, 23 अक्टूबर की सुबह पूर्व-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बना। इसके 24 अक्टूबर तक अवदाब और 25 अक्टूबर तक गहरे अवदाब में बदलने की संभावना है। 26 अक्टूबर को इसके चक्रवाती तूफान का रूप लेने का अनुमान है। 28 अक्टूबर की सुबह तक यह प्रणाली उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटीय क्षेत्रों के करीब पहुंच सकती है।

इस मौसमी प्रणाली का असर 27 अक्टूबर से झारखंड में दिखने लगेगा। राज्य में बादलों की आवाजाही बढ़ेगी, जबकि 28 और 29 अक्टूबर को व्यापक असर पड़ने की आशंका है। दक्षिणी, दक्षिण-पूर्वी, उत्तर-पूर्वी और मध्य झारखंड में इसका प्रभाव अधिक रहने का अनुमान है। इस दौरान तेज हवा चलने, वज्रपात और भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हो सकता है। 30 अक्टूबर को भी मौसम खराब रहने की संभावना है। एक नवंबर से मौसमी प्रणाली के उत्तर प्रदेश और नेपाल की ओर बढ़ने पर झारखंड में इसका प्रभाव कम होने का अनुमान है। मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए किसानों को धान की पकी फसल और सब्जियों की सुरक्षा के लिए पहले से तैयारी करने की सलाह दी गई है।

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें