JHARKHAND NEWS
गुमला में PLFI का बड़ा नेटवर्क ध्वस्त: जोनल कमांडर 'मोटा' समेत चार गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार जब्त
गुमला पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन PLFI के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जोनल कमांडर विश्राम कोंगाड़ी उर्फ मोटा उर्फ सुकुरा समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से हथियार, कारतूस और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। पुलिस अधीक्षक गुमला को 22 अक्टूबर को गुप्त सूचना मिली थी कि PLFI के सदस्य कामडारा थाना क्षेत्र के बोंगादा गांव के आसपास किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद बसिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिव शंकर मरांडी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
टीम ने कार्रवाई करते हुए विश्राम कोंगाड़ी सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में अमर सुरिन, एतवा कोंगाड़ी उर्फ एतवा मास्टर और अपित तोपनो उर्फ बेंदा शामिल हैं।पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से एक देशी पिस्टल, दो मैगजीन, एक देशी बंदूक, एक देशी कट्टा, सात कारतूस, एक खोखा, PLFI के छह प्रतिबंधित पर्चे और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि उग्रवादी गतिविधियों और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए अभियान जारी रहेगा।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।