JHARKHAND NEWS
कड़ाके की ठंड में नगर निगम की पहल, आयुक्त ने जरूरतमंदों के बीच किया कंबल वितरण
रांची शहर में लगातार बढ़ती ठंड को देखते हुए राज्य सरकार के निर्देशानुसार रांची नगर निगम की ओर से जरूरतमंद लोगों को राहत पहुंचाने के लिए निरंतर कंबल वितरण समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। इसी क्रम में शनिवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने निगम की टीम के साथ हरमू रोड स्थित शनि मंदिर और पहाड़ी मंदिर के समीप जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण किया गया। इस दौरान कुल 120 कंबलों का वितरण किया गया।कंबल प्राप्त करने वाले जरूरतमंदों के चेहरों पर राहत और संतोष का भाव देखने को मिला। मौके पर नगर आयुक्त ने कहा कि बढ़ती ठंड के इस मौसम में कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति खुले आसमान के नीचे ठिठुरने को मजबूर न रहे, यह सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है। राहत पहुंचाना केवल प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि सामाजिक संवेदनशीलता और मानवीय जिम्मेदारी भी है। हमारा प्रयास है कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी पहल का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और हर जरूरतमंद को समय पर सहायता मिल सके।
नगर आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जरूरतमंदों को चिह्नित कर कंबल वितरण अभियान निरंतर जारी रखा जाए। साथ ही, सभी आश्रय गृहों की व्यवस्था दुरुस्त करते हुए वहां पेयजल, शौचालय, प्रकाश समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने ठंड के मद्देनजर रात्रिकालीन रेस्क्यू अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करने और खुले में रह रहे जरूरतमंदों को सुरक्षित रूप से आश्रय गृहों तक पहुंचाने का भी निर्देश दिया।
इस अवसर पर वार्ड पार्षद, सहायक नगर आयुक्त, नगर प्रबंधक, नगर अभियान प्रबंधक सहित निगम के अन्य पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।