JHARKHAND NEWS
बोकारो में युवक को बेरहमी से पीटा, रस्सी से बांधकर सड़क पर घसीटा, वीडियो वायरल
झारखंड के बोकारो के चास थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाली तस्वीर सामने आई है। चास थाना क्षेत्र के चेकपोस्ट के पास एक युवक को दर्जनभर लोगों ने न सिर्फ बेरहमी से पीटा, बल्कि उसे रस्सी से बांधकर घसीटा भी .जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक का नाम राज पांडे है। आरोप है कि एक दर्जन से अधिक लोगों ने अचानक राज पांडे पर हमला बोल दिया और उसे बुरी तरह पीटा। हद तो तब हो गई जब पिटाई के बाद उसे रस्सी से बांधकर सड़क पर घसीटा गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।घटना की सूचना मिलते ही चास थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और लहूलुहान हालत में पड़े राज पांडे को रेस्क्यू कर बोकारो सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।पूरे मामले पर घायल राज पांडे का आरोप है कि उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी और बिना किसी बात के 10 से ज्यादा लोगों ने उस पर हमला कर दिया, जिससे वह बेहोश हो गया था।
वहीं दूसरी ओर, पुलिस सूत्रों का कहना है कि इस घटना से ठीक एक दिन पहले इसी युवक ने नशे की हालत में एक अन्य व्यक्ति पर तलवार से हमला करने की कोशिश की थी। हालांकि, फिलहाल पुलिस इस मामले में आधिकारिक तौर पर कुछ भी बोलने से बच रही है।वीडियो सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। सवाल यह उठता है कि चाहे विवाद कुछ भी रहा हो, कानून हाथ में लेने और किसी इंसान को इस तरह जानवर की तरह घसीटने का अधिकार किसी को किसने दिया? फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है कि आखिर मारपीट की असल वजह क्या थी और इस अमानवीय कृत्य में कौन-कौन लोग शामिल थे।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।