JHARKHAND NEWS : रांची में “नाची से बाची जनजातीय स्वशासन महोत्सव”, मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने कार्यक्रम का किया शुभारंभ
रांची : राजधानी रांची में मंगलवार को जनजातीय संस्कृति और स्वशासन की परंपरा को सहेजने के उद्देश्य से “नाची से बाची जनजातीय स्वशासन महोत्सव” का भव्य उद्घाटन किया गया. यह आयोजन पंचायती राज विभाग की ओर से रांची के आड्रे हाउस में किया गया.
इस अवसर पर झारखंड के ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुईं. कार्यक्रम में पहुंचने मंत्री का पारंपरिक ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया गया. झारखंड की लोक संस्कृति की झलक पेश करते हुए स्थानीय कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य और संगीत के माध्यम से माहौल को उत्सवमय बना दिया.
मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया. इस दौरान उन्होंने जनजातीय समाज की सांस्कृतिक विरासत, ग्राम स्वशासन और परंपरागत व्यवस्थाओं की अहम भूमिका पर जोर दिया. कार्यक्रम में जनजातीय गीत-संगीत, नृत्य, शिल्पकला और स्थानीय संस्कृति से जुड़े विभिन्न प्रस्तुतियों ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया. बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, कलाकार और गणमान्य अतिथि इस महोत्सव में मौजूद रहे. जनजातीय स्वशासन महोत्सव के माध्यम से सरकार ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि झारखंड की पहचान उसकी जनजातीय संस्कृति और मजबूत ग्राम व्यवस्था से जुड़ी है.