JHARKHAND NEWS : सपनों को मिले पहिए, हौसलों को मिली उड़ान, 'उन्नति का पहिया' से 135 छात्र-छात्राओं के चेहरे खिले
बेरमो: शिक्षा की डगर को आसान बनाने और विद्यार्थियों के सपनों को नई रफ्तार देने वाली झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी 'उन्नति का पहिया' योजना के तहत शुक्रवार को रामरतन हाई स्कूल परिसर में 135 छात्र-छात्राओं के बीच साइकिलों का वितरण किया गया. जैसे ही छात्रों ने नई साइकिलों की हैंडल थामी, उनके चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास की चमक साफ दिखाई दी.
विद्यार्थियों ने कहा कि अब विद्यालय की दूरी उनके सपनों के बीच बाधा नहीं बनेगी, बल्कि यह साइकिल उन्हें समय पर स्कूल पहुंचने और अपने लक्ष्य तक पहुंचने की नई ऊर्जा देगी. कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि बेरमो प्रखंड के कुल 853 छात्र-छात्राओं को उन्नति का पहिया योजना के तहत साइकिलें प्रदान की जाएंगी. यह योजना विशेष रूप से उन विद्यार्थियों के लिए उम्मीद की नई किरण है, जिन्हें विद्यालय आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था.
इस मौके पर मुख्य अतिथि बेरमो विधायक कुमार जयमंगल सिंह ने कहा कि शिक्षा ही वह ताकत है जो समाज और राष्ट्र का भविष्य तय करती है. सरकार चाहती है कि संसाधनों की कमी किसी भी बच्चे की पढ़ाई में बाधा न बने. उन्होंने विद्यार्थियों से साइकिल का सदुपयोग करते हुए पूरी लगन और मेहनत से अध्ययन करने तथा जीवन में ऊंचे लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान किया. इस अवसर पर बेरमो प्रमुख, फुसरो नगर परिषद अध्यक्ष,उपाध्यक्ष, सांसद प्रतिनिधि एवं बेरमो प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक उपस्थित रहे. अतिथियों ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह साइकिल केवल एक साधन नहीं, बल्कि शिक्षा, आत्मनिर्भरता और उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ने वाला एक मजबूत कदम है. साइकिल वितरण समारोह के दौरान पूरे परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल रहा. नई साइकिलों के साथ छात्र-छात्राओं की मुस्कान मानो यह संदेश दे रही थी कि जब अवसर और सुविधाएं मिलती हैं, तो सपनों की मंजिल भी दूर नहीं रहती.
बेरमो से पंकज कुमार की रिपोर्ट--