Live

JHARKHAND NEWS

विश्व बाल दिवस पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से मिले यूनीसेफ के बाल पत्रकार, साझा किए बदलाव के अनुभव

S
Srishtyलेखक

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में विश्व बाल दिवस के अवसर पर यूनीसेफ के 10 बाल पत्रकारों ने मुलाकात की। बाल पत्रकारों ने मुख्यमंत्री के समक्ष बाल अधिकारों में किए गए सकारात्मक बदलावों और अपने सपनों एवं भविष्य को लेकर संवाद किया। मुख्यमंत्री के साथ चर्चा के दौरान बाल पत्रकारों ने अपने स्कूल एवं समुदाय में किए गए बदलावों के बारे में उन्हें अवगत कराया कि किस प्रकार उन्होंने बाल विवाह और बाल श्रम जैसी सामाजिक समस्याओं और सामाजिक कुरीतियों की रोकथाम तथा स्कूल से ड्रॉप आउट बच्चों को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा में वापस लाने से में भूमिका निभाई। बाल पत्रकारों ने इस दौरान माहवारी स्वच्छता प्रबंधन, बचपन में होने वाली गैर संचारी बीमारियों को रोकने, स्वस्थ खानपान एवं जलवायु परिवर्तन जैसे मुद्दों पर जन-जागरूकता के प्रयासों के बारे में विस्तार से अपने अनुभवों को साझा किया।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने बाल पत्रकारों द्वारा पूछे गए विभिन्न सवालों का सहजता, आत्मीयता और संवेदनशीलता के साथ जवाब दिया। उन्होंने बच्चों की जिज्ञासाओं को गंभीरता से सुना और सरल, सहज एवं प्रेरक शब्दों में उनके प्रश्नों का समाधान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्कूली शिक्षा को बेहतर बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। शिक्षकों को गैर शैक्षणिक कार्यो से दूर रखने के लिए समीक्षा कर समाधान निकालने का प्रयास होगा। सरकारी स्कूलों में शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद में विशेष रूची रखने वाले विद्यार्थियों को भी खेल प्रतिभा निखारने के लिए सरकार द्वारा खेल सामग्री उपलब्ध कराने, पंचायत स्तर पर खेल मैदान निर्माण का निर्णय लिया गया है। साथ ही मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय के माध्यम से बच्चों की शैक्षणिक स्तर में सुधार लाया जा रहा है।

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें