Live

JHARKHAND NEWS

गढ़वा में अतिवृष्टि से धान की फसल तबाह, सड़ने लगीं बालियां; मुआवजे की मांग तेज

S
Srishtyलेखक

झारखंड के गढ़वा जिले में किसानों पर एक बार फिर प्रकृति की मार पड़ी है। लगातार बारिश और अतिवृष्टि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। खेतों में जलजमाव के कारण धान की बालियां सड़ने लगी हैं, तो कहीं फूल झड़ने से फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। पहले भदई की फसल बर्बाद हुई और अब धान की फसल भी संकट में है। कर्ज लेकर खेती करने वाले किसान अब अपनी लागत निकालने और परिवार का पेट पालने को लेकर चिंतित हैं। भाजपा किसान मोर्चा ने सरकार और जिला प्रशासन से फसल नुकसान का आकलन कराकर किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

खेतों में पानी जमा होने से धान की फसल बर्बाद हो रही है। खेतों में लगी धान की बालियां सड़ने लगी हैं। भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रामलाला दुबे ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि पहले अतिवृष्टि और बाढ़ के कारण किसानों की भदई फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई थी। धान की खेती के लिए तैयार किए गए बिचड़े भी खेतों में ही सड़ गए थे। इसके बावजूद किसानों ने हिम्मत नहीं हारी और महंगे दामों पर बीज खरीदकर दोबारा धान की रोपाई की। शुरुआत में फसल की स्थिति अच्छी थी और किसानों को बेहतर पैदावार की उम्मीद थी। लेकिन धान में बालियां निकलने और फूल आने के समय लगातार बारिश ने किसानों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। खेतों में जलजमाव के कारण धान के फूल झड़ गए और अब बालियां भी सड़ने लगी हैं। किसानों ने कर्ज लेकर और महाजनों से पैसे जुटाकर खेती की थी। उम्मीद थी कि फसल बेचकर कर्ज चुकाएंगे और अगली रबी फसल की तैयारी करेंगे, लेकिन लगातार प्राकृतिक आपदाओं ने उनकी कमर तोड़ दी है।

रामलाला दुबे ने झारखंड सरकार और जिला प्रशासन पर किसानों की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने मांग की है कि पूरे गढ़वा जिले में फसल नुकसान का जल्द आकलन कराया जाए और प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए। साथ ही किसानों के लिए तत्काल राहत कार्य शुरू किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने किसानों की समस्याओं पर गंभीरता से पहल नहीं की, तो किसान सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे और 'किसान विरोधी सरकार कुर्सी छोड़ो' का नारा बुलंद करेंगे।

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें