JHARKHAND NEWS
अत्याधुनिक स्लॉटर हाउस का निरीक्षण: 5 दिसंबर से ट्रायल रन शुरू करने के निर्देश
रांची में शहरवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं स्वास्थ्य मानकों के अनुरूप मांस उपलब्ध कराने तथा शहर में अवैध रूप से संचालित मांस दुकानों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने की दिशा में रांची नगर निगम ने पहल तेज कर दी है। इसी क्रम में शनिवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने कांके स्थित निगम द्वारा पांच एकड़ भूमि पर निर्मित अत्याधुनिक स्लॉटर हाउस का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्लॉटर हाउस की वर्तमान स्थिति, उपलब्ध मशीनों, आधारभूत संरचना, स्वच्छता व्यवस्था, मशीनों के क्रियान्वयन तथा आसपास के क्षेत्र का जायजा लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के क्रम में पदाधिकारियों द्वारा बताया गया कि उक्त स्लॉटर हाउस का पूर्व में M/s ARSH & ELHAM LIVESTOCK EXPORTERS द्वारा संचालन किया जा रहा था, लेकिन वर्तमान में इसका संचालन बंद है। यहां पशुओं के वध, मांस की कटाई एवं सफाई के लिए अत्याधुनिक मशीनें और उपकरण लगाए गए हैं। साथ ही, पशु चिकित्सक की निगरानी में वध से पूर्व पशुओं की चिकित्सकीय जांच तथा मांस की स्वच्छता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने की व्यवस्था की गई थी। स्लॉटर हाउस से शहर की मांस दुकानों तक मांस की आपूर्ति के लिए दो डीप फ्रीजर युक्त वाहनों की भी व्यवस्था है। इसके अतिरिक्त आम नागरिक भी निर्धारित शुल्क देकर अपने पशुओं का हलाल अथवा झटका विधि से वध करवा सकते हैं।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि आगामी 5 दिसंबर तक सभी आवश्यक मैकेनिकल एवं सिविल कार्यों को दुरुस्त करते हुए स्लॉटर हाउस का ट्रायल रन अनिवार्य रूप से शुरू किया जाए। उन्होंने संबंधित एजेंसी को निर्धारित समय-सीमा में सभी लंबित कार्य पूर्ण कर पुनः संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। निर्धारित समय पर कार्य पूरा नहीं होने की स्थिति में संबंधित एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाएगी।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।