Live

JHARKHAND NEWS

दूसरे दिन भी सुलगता रहा IIIT रांची: 50 मीटर की दूरी पर आमने-सामने चेयरपर्सन और छात्र

S
Srishtyलेखक

झारखंड के ट्रिपल आइटी रांची (IIIT Ranchi) में प्रथम वर्ष के छात्र आदित्य की संदिग्ध मौत के बाद उपजा आक्रोश सोमवार को दूसरे दिन भी थमने का नाम नहीं ले रहा है। संस्थान के हॉस्टल में आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था में लापरवाही के गंभीर आरोपों के बीच, छात्र-छात्राएं संस्थान के निदेशक प्रो. राजीव श्रीवास्तव के इस्तीफे की मांग पर अड़े हुए हैं।बीती 10 अक्टूबर की रात, बिहार के पूर्णिया निवासी 20 वर्षीय सीएसई छात्र आदित्य का शव हॉस्टल के कमरे में मिला था। साथी छात्रों और परिजनों का आरोप है कि बिजली कटने के कारण लिफ्ट बंद थी और जिस एंबुलेंस से उसे अस्पताल ले जाया गया, उसमें न तो ड्राइवर था, न ऑक्सीजन और न ही कोई मेडिकल स्टाफ मौजूद था। समय पर इलाज न मिलने से उसकी जान चली गई। हालांकि, प्रबंधन का दावा है कि छात्र को 10 मिनट के भीतर अस्पताल पहुंचा दिया गया था।

आज यानी सोमवार को जब संस्थान के चेयरपर्सन छात्रों से बातचीत करने पहुंचे, तो गतिरोध और गहरा गया। प्रदर्शन स्थल से 50 मीटर की दूरी पर ही हंगामा शुरू हो गया। छात्रों का कहना है कि प्रबंधन ने सुबह 11 बजे बैठक का आश्वासन दिया था, लेकिन समय पर बातचीत न होने से उनका गुस्सा फूट पड़ा। पिछले दो दिनों से मेस में खाना न मिलने के कारण छात्र भूखे पेट धरने पर बैठे हैं और लगातार नारेबाजी कर रहे हैं।मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है। पुलिस ने छात्रों से सड़क जाम हटाने और कैंपस के भीतर प्रदर्शन करने की अपील की है, ताकि एंबुलेंस और आम जनता को परेशानी न हो। लेकिन छात्र अपनी जिद पर अड़े हैं कि जब तक चेयरपर्सन खुद आकर उनकी बात नहीं सुनते, तब तक यह प्रदर्शन समाप्त नहीं होगा।

फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है.



इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें