JHARKHAND NEWS
झारखंड स्थापना दिवस,हर जिले में मचेगी धूम, छठ के बाद तय होगा राज्यस्तरीय समारोह का स्वरूप
झारखंड स्थापना दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती यानी 15 नवंबर को लेकर प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। इस बार छठ महापर्व भी इसी दिन होने के कारण, राज्य स्तरीय समारोह की अंतिम रूपरेखा अब तक तय नहीं हो पाई है। हालांकि, मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने मंगलवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उच्चस्तरीय बैठक की।बैठक में यह अहम निर्णय लिया गया कि समारोह के स्वरूप को तय करने के लिए आईटी सचिव पूजा सिंघल की अध्यक्षता में एक विशेष कमेटी का गठन किया जाएगा। यह कमेटी छठ पर्व की पवित्रता और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए ही राज्य स्तरीय कार्यक्रम के स्थान और स्वरूप का निर्धारण करेगी। कमेटी को गुरुवार तक अपनी रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।
शासन का स्पष्ट निर्देश है कि सभी जिलों में जिला स्तर पर स्थानीय प्रशासन अपनी तैयारियां पूरी रखे। राजधानी रांची समेत तमाम जिलों में सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से जुड़े होर्डिंग्स लगाए जाएंगे ताकि विकास की बातें जन-जन तक पहुँच सकें। साथ ही, जिला मुख्यालयों में विकास मेलों का भी आयोजन किया जाएगा।
उधर, भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली खूंटी के उलिहातू में 15 नवंबर को 'राजकीय बिरसा महोत्सव-2026' की भव्य तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। खूंटी के उपायुक्त मो. जावेद हुसैन और एसपी ऋषभ गर्ग ने कार्यक्रम स्थल का जायजा लेकर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया है।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।