JHARKHAND NEWS : हजारीबाग में खाकी का एक्शन: दनुवा घाटी में तस्करों से मुठभेड़, जवाबी फायरिंग में 21 साल का युवक जख्मी
हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ दनुवा घाटी स्थित हथिया बाबा मंदिर के पास शनिवार को पुलिस और अफीम तस्करों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक अफीम तस्कर को गोली लग गई है, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।घटना की जानकारी देते हुए हजारीबाग के एसपी अमन कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हथिया बाबा मंदिर के पास कुछ संदिग्ध मोटरसाइकिल के साथ अफीम की तस्करी के लिए खड़े हैं।इस सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए चौपारण पुलिस ने मौके पर छापेमारी की। जैसे ही पुलिस वहाँ पहुँची, एक कार से एक अन्य व्यक्ति भी वहाँ आ पहुँचा। पुलिस को देखते ही तस्करों ने घबराहट में फायरिंग शुरू कर दी। अपनी और जनता की जान बचाने के लिए पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की।इस दौरान पुलिस की गोली लगने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान बिहार के गया जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र स्थित चापी गाँव निवासी 21 वर्षीय अजय कुमार सिंह के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि अजय कुमार सिंह के पीठ में गोली लगी, जो उसके पेट को चीरती हुई पार हो गई। घटना के बाद, शाम करीब साढ़े चार बजे उसे एक निजी एम्बुलेंस से बरही अनुमंडलीय अस्पताल पहुँचाया गया।वहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए, पुलिस सुरक्षा के बीच 108 एम्बुलेंस से उसे रांची के रिम्स (RIMS) रेफर कर दिया गया। सुरक्षा के मद्देनजर घायल तस्कर के साथ चार पुलिसकर्मियों को भी रांची भेजा गया है, जहाँ उसका इलाज जारी है।मौके से पुलिस ने दो देसी पिस्टल और भारी मात्रा में अफीम बरामद की है। पुलिस अब इस मुठभेड़ के बाद अफीम तस्करी से जुड़े बाकी बदमाशों की तलाश में जुट गई है। इस पूरे अवैध नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, पुलिस इसका पता लगाने में पूरी तरह से जुटी है। मामले की आगे की छानबीन जारी है।