JHARKHAND NEWS
घर बंद देख चोरों ने तोड़ा ताला, GNM के लाखों रुपये के गहने और कैश ले उड़े
पाकुड़ जिले के हिरणपुर थाना क्षेत्र के मिशन टोला स्थित सेंट लुक्स अस्पताल के समीप डंगरीटोला में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए सोने-चांदी के आभूषण और नकदी की चोरी कर ली। घटना सोमवार, 23 नवंबर की बताई जा रही है।जानकारी के अनुसार, आलोक नोयर टुडू और उनकी पत्नी सोमवार सुबह करीब 9 बजे घर बंद कर ड्यूटी पर चले गए थे। उनकी बेटी भी स्कूल गई हुई थी। शाम करीब 4 बजे जब बेटी घर लौटी तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। इसकी सूचना उसने अपने परिजनों को दी।
घर पहुंचने पर परिजनों ने देखा कि कमरों और स्टोर रूम के ताले टूटे हुए हैं तथा सामान बिखरा पड़ा है। चोरों ने बक्से और लॉकर को भी खंगाला था। पीड़ित परिवार के अनुसार, सोने का कंगन, चेन, अंगूठी, चांदी के पायल, बिछिया, माला सहित अन्य आभूषण और करीब 20 हजार रुपये नकद चोरी हुए हैं। इसके अलावा साड़ियां, स्वेटर, रजाई समेत अन्य घरेलू सामान भी गायब हैं।
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने हिरणपुर थाना में लिखित आवेदन देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई और चोरी किए गए सामान की बरामदगी की मांग की है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। दिनदहाड़े हुई इस चोरी की घटना से आसपास के लोगों में भय का माहौल है।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।