JHARKHAND NEWS
जमशेदपुर में जगमगाती दीपावली के बीच सुरक्षा सख्त: एसएसपी ने खुद संभाला मोर्चा
जमशेदपुर में दीपावली के पावन अवसर पर शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसएसपी डा. ऐहतेशाम वकारिब ने गुरुवार को स्वयं सड़क पर उतरकर सक्रिय भूमिका निभाई.उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों के साथ बाइक पर सवार होकर शहर के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों का गहन भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने ज्वेलरी दुकानों, बैंकों, एटीएम केंद्रों तथा अन्य व्यावसायिक एवं सार्वजनिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया।एसएसपी ने विभिन्न इलाकों में तैनात पुलिस बल की संख्या, उनकी गश्ती व्यवस्था तथा संदिग्ध गतिविधियों पर की जा रही निगरानी की समीक्षा की। साथ ही यातायात व्यवस्था का भी जायजा लिया ताकि त्योहारों के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न फैले। धनतेरस के दिन बाजारों में भारी भीड़ उमड़ने तथा ज्वेलरी दुकानों में नकद लेन-देन बढ़ने की संभावना को देखते हुए उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के स्पष्ट निर्देश दिए।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रमुख बाजारों, सोने-चांदी की दुकानों तथा वित्तीय संस्थानों के आसपास अतिरिक्त बल तैनात किया जाए। रात्रि गश्ती बढ़ाई जाए तथा सीसीटीवी कैमरों की निगरानी भी सख्त रखी जाए। एसएसपी ने जोर देकर कहा कि किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस हर समय अलर्ट रहे और नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराए।इस मौके पर उन्होंने कहा कि दीपावली जैसे बड़े त्योहार पर लोगों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस प्रशासन पूरी तैयारी के साथ काम कर रहा है ताकि त्योहार शांतिपूर्ण एवं सुखद वातावरण में संपन्न हो सके।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।