JHARKHAND NEWS
धनबाद में मधुमक्खियों का आतंक, झुंड के हमले में एक ही परिवार के तीन लोग घायल, दो बच्चे शामिल
झारखंड के धनबाद से जिले के महुदा बस्ती में मधुमक्खियों के एक उग्र झुंड ने ऐसा कहर बरपाया कि इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस अचानक हुए हमले में एक ही परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों में एक युवक और दो बच्चे शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक, यह घटना तब घटी जब पीड़ित परिवार महुदा से अलकुशा जाने के लिए निकला था। जैसे ही वे महुदा बस्ती के पास पहुंचे, अचानक जाने कहां से मधुमक्खियों का एक विशाल झुंड उनकी तरफ आ धमका और उन पर टूट पड़ा। हमला इतना अचानक और जोरदार था कि किसी को भी संभलने या बचने का मौका तक नहीं मिला। मधुमक्खियों ने ताबड़तोड़ डंक मारने शुरू कर दिए। इस दर्दनाक हादसे में जो तीन लोग घायल हुए हैं, उनके नाम हैं— 29 वर्षीय सब अहमद, 7 वर्षीय सुफियान अंसारी और 12 वर्षीय नाजरीन परवीन। यानी एक ही परिवार के इन सदस्यों पर मधुमक्खियों ने ऐसा हमला बोला कि वे बुरी तरह जख्मी हो गए।
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया। मधुमक्खियों के आक्रामक रूप को देखकर आसपास के लोगों को भी अपनी सुरक्षा के लिए सतर्क होना पड़ा। हालांकि,संकट की इस घड़ी में स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए आगे आए।
लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए किसी तरह घायलों को मधुमक्खियों के चंगुल से बचाया और फौरन उन्हें इलाज के लिए धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल यानी SNMMCH में भर्ती कराया। राहत की बात यह है कि समय रहते अस्पताल पहुंचाए जाने के कारण तीनों का इलाज फौरन शुरू हो गया है और डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार जारी है।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।