Live

JHARKHAND NEWS

निशा भगत केस में आया नया मोड़, CBI करेगी जांच, CM हेमंत ने किया बड़ा ऐलान!

S
Srishtyलेखक

आदिवासी सामाजिक कार्यकर्ता निशा भगत की संदिग्ध मौत के मामले की अब केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी CBI जांच होगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस संबंध में आधिकारिक निर्देश दे दिए हैं। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर इसकी जानकारी साझा की है। इस फैसले के बाद मृतका के परिजनों को निष्पक्ष जांच और न्याय की उम्मीद बंध गई है।बता दें कि 6 नवंबर को रांची के पिठोरिया थाना क्षेत्र स्थित आवास पर निशा भगत मृत पाई गई थीं। मौत से ठीक पहले उन्होंने एक फेसबुक लाइव किया था, जिसमें उन्होंने अपनी परेशानियों और कथित प्रताड़ना को लेकर कई बड़े खुलासे किए थे।

घटना के बाद से ही परिजनों और विभिन्न सामाजिक संगठनों में भारी आक्रोश था। परिजनों ने इस घटना के पीछे किसी गहरी साजिश की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की थी। इतना ही नहीं, सामाजिक कार्यकर्ता एवं IRS अधिकारी निशा उरांव ने भी प्रभात खबर से बातचीत में सीबीआई जांच की पुरजोर वकालत की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर एसआईटी (SIT) का गठन किया था और पिठोरिया थाना प्रभारी सतीश पांडेय को लाइन हाजिर भी कर दिया गया था।इस बीच, सरकार की ओर से सीबीआई जांच की अनुशंसा पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि यदि भारतीय जनता पार्टी इस मामले को लेकर सड़क पर उतरकर आंदोलन नहीं करती, तो शायद सरकार यह कदम नहीं उठाती। उन्होंने कहा कि बीजेपी के लगातार दबाव के कारण ही सरकार को झुकना पड़ा है। साथ ही, उन्होंने यह भी जोड़ा कि पार्टी को देश की न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है और उन्हें उम्मीद है कि आदिवासी बेटी को न्याय जरूर मिलेगा तथा दोषियों को कड़ी सजा मिलेगी। मुख्यमंत्री के इस निर्देश के बाद अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि सीबीआई जांच में क्या सच सामने आता है

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें