Live

JHARKHAND NEWS

CCTV में खाली बैठा दिखा अभ्यर्थी, OMR शीट निकली भरी; JPSC घोटाले में CID के हाथ लगे अहम सुराग

S
Srishtyलेखक

14वीं झारखंड लोक सेवा आयोग यानी जेपीएससी की सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में कथित गड़बड़ी और साजिश के मामले की जांच कर रही सीआइडी के हाथ कई अहम सुराग लगे हैं। इस कड़ी में अभ्यर्थी गोपाल कुमार, जिनका रोल नंबर 2601117950 है, उनकी भूमिका को लेकर जांच का दायरा और गहरा हो गया है। सीसीटीवी फुटेज, बैंक स्टेटमेंट और कॉल डिटेल रिकॉर्ड यानी सीडीआर के ज़रिए जांच एजेंसी ने कई चौंकाने वाली कड़ियां जोड़ने का दावा किया है।

सीआइडी सूत्रों के मुताबिक, परीक्षा के दौरान केंद्र के सीसीटीवी फुटेज में गोपाल कुमार अधिकांश समय निष्क्रिय बैठे नज़र आए। फुटेज में यह देखा गया कि उन्होंने परीक्षा के दौरान बहुत कम सवालों के जवाब दिए। लेकिन हैरानी की बात यह सामने आई कि मूल्यांकन के समय उनकी ओएमआर शीट में अधिकांश प्रश्नों के गोले भरे हुए पाए गए।सीसीटीवी फुटेज में दिख रही निष्क्रियता और ओएमआर शीट में भरे गए ज़्यादातर उत्तरों के इस बड़े अंतर ने परीक्षा के बाद उत्तर पुस्तिका में संभावित हेराफेरी के संदेह को और गहरा कर दिया है।जांच के दौरान गोपाल कुमार के एसबीआइ खाते और उससे जुड़े लोन खाते के स्टेटमेंट की भी पड़ताल की गई। इसमें आठ लाख रुपये का ऋण लेने की जानकारी सामने आई है। सीआइडी का दावा है कि यह लोन परीक्षा में गड़बड़ी कराने के लिए भुगतान करने के उद्देश्य से लिया गया था।

इतना ही नहीं, जांच में दर्ज बयानों और इस मामले के कथित सिंडिकेट सरगना व सह आरोपी अभय कुमार तिवारी के बयान से एक और बड़ा खुलासा हुआ है। जांच में यह बात सामने आई है कि गोपाल कुमार ने 11वीं से 13वीं जेपीएससी परीक्षा और बाद में जेएसएससी सीजीएल में अपनी पत्नी के चयन के लिए बिचौलिये लालू कुमार यादव को करीब 11 लाख रुपये दिए थे। बताया जा रहा है कि बाद में उनकी पत्नी का डोरंडा स्थित नेपाल हाउस में सहायक प्रशाखा पदाधिकारी यानी एएसओ के पद पर चयन हुआ और उन्होंने योगदान भी दिया। सीआइडी अब इस पूरे लेन-देन और कथित परीक्षा सिंडिकेट से गोपाल के जुड़ाव की गहराई से जांच कर रही है।

गोपाल कुमार के मोबाइल नंबर के कॉल डिटेल रिकॉर्ड यानी सीडीआर विश्लेषण से भी कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। जांच के अनुसार,वह अभय कुमार तिवारी,लालू कुमार यादव,आदित्य पांडेय,उमेश कुमार और बुधेश्वर भगत के लगातार संपर्क में था। सीआइडी के मुताबिक,ये सभी कथित तौर पर मामले में बिचौलिये या सिंडिकेट से जुड़े आरोपी हैं।

वहीं, सह आरोपी अभय कुमार तिवारी ने अपने बयान में गोपाल को उन अभ्यर्थियों में शामिल बताया है, जिनकी ओएमआर शीट कथित तौर पर अनुचित तरीके से भरी गई थी।

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें