Hindi News / स्लग मैक्स पिकअप वैन ने स्ट्रीट लाइट को चपेट में लेकर तीन मोटरसाइकिल...

JHARKHAND NEWS : स्लग मैक्स पिकअप वैन ने स्ट्रीट लाइट को चपेट में लेकर तीन मोटरसाइकिल को भी अपने चपेट में ले लिया, बड़ा हादसा होते-होते टला

Edited By:  |
jharkhand news

बुंडू के पुराना गर्ल्स हाई स्कूल रोड पर एक अनियंत्रित पिकअप वैन ने जमकर तांडव मचाया। तेज रफ्तार पिकअप ने पहले एक स्ट्रीट लाइट को तोड़ा, फिर दो मोटरसाइकिलों को रौंदते हुए तीसरी बाइक को करीब 500 मीटर तक घसीटते चले गए। गनीमत यह रही कि इस भयानक हादसे में कई राहगीर बाल-बाल बच गए। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, रमेश सिंह मुंडा प्लस टू विद्यालय की ओर से एक पिकअप वैन बेहद तेज रफ्तार में आ रही थी। पूर्णेंदु हाल्दार के घर के पास पहुंचते ही चालक ने वाहन से अपना नियंत्रण खो दिया। वैन ने सबसे पहले सड़क किनारे लगी स्ट्रीट लाइट को जोरदार टक्कर मारी और उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद अनियंत्रित वैन ने सड़क किनारे खड़ी दो अन्य मोटरसाइकिलों को अपनी चपेट में लेते हुए बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। तबाही यहीं नहीं थमी। वैन एक अपाचे मोटरसाइकिल से जा टकराई, जो वाहन के अगले हिस्से में बुरी तरह फंस गई। इसके बाद ड्राइवर ने गाड़ी रोकने के बजाय उसे वैसे ही भगाना शुरू किया।

वह उस फंसी हुई मोटरसाइकिल को करीब 500 मीटर दूर बजरंग अखाड़ा / बजरंग दल तक घसीटता हुआ ले गया। रास्ते में मचे हड़कंप और लोगों की चीख-पुकार व हो-हल्ला सुनकर ड्राइवर सहम गया। वह बजरंग दल के पास अपनी पिकअप वैन और उसमें फंसी जली-टूटी मोटरसाइकिल को वहीं छोड़कर मौके से फरार होने में कामयाब रहा। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत बुंडू थाना को फोन किया। सूचना मिलते ही बुंडू थाना पुलिस दल-बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंची.पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वैन और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई अपाचे मोटरसाइकिल को अपने कब्जे में ले लिया है। दोनों वाहनों को जब्त कर थाना लाया गया है। पुलिस अब फरार ड्राइवर की तलाश में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि ड्राइवर की पहचान जल्द से जल्द की जा सके। गनीमत यह रही कि इस खौफनाक हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, वरना एक बड़ा अनर्थ हो सकता था।