JHARKHAND NEWS : सुजीत सिन्हा का नावाडीह में होगा अंतिम संस्कार, पुलिस हिरासत में शामिल होगी पत्नी
झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा का अंतिम संस्कार आज मंगलवार को हुसैनाबाद प्रखंड के नावाडीह गांव में किया जाएगा।प्राप्त जानकारी के अनुसार, जामताड़ा सदर अस्पताल से उसका शव आज दोपहर करीब 1बजे तक गांव पहुंचने की संभावना है। इसके बाद, गांव के बाहर स्थित कररबार नदी के तट पर उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा।इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। अंतिम संस्कार में सुजीत सिन्हा की मां, भाई-बहनों के अलावा, पुलिस हिरासत में उसकी पत्नी रिया सिन्हा के भी शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। अप्रिय घटना से निपटने के लिए गांव और आसपास के पूरे क्षेत्र में पुलिस पूरी तरह सतर्क है।गौरतलब है कि बीते रविवार की रात जामताड़ा जिले में एक पुलिस मुठभेड़ के दौरान सुजीत सिन्हा की मौत हो गई थी।
पुलिस का पक्ष है कि उसे साहिबगंज जेल से धनबाद जेल ले जाया जा रहा था, तभी उसने पुलिस टीम पर गोली चला दी। इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से उसकी मौत हो गई।लेकिन इस मामले ने तूल पकड़ लिया है। सुजीत सिन्हा की सास, उषा देवी ने इस पूरी घटना को एक फर्जी मुठभेड़ करार दिया है। उन्होंने पुलिस पर सुजीत की जानबूझकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। इस सनसनीखेज आरोप के बाद राज्यभर में विभिन्न स्तरों पर सुगबुगाहट और चर्चाओं का दौर जारी है।शव गांव पहुंचने और अंतिम संस्कार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है।