JHARKHAND NEWS
अंधविश्वास का खूनी खेल: पलामू में धारदार हथियार से बुजुर्ग की निर्मम हत्या
पलामू से एक दिल दहला देने वाली खबर है.अंधविश्वास की जड़ें हमारे समाज में कितनी गहरी हैं, इसकी एक खौफनाक बानगी देखने को मिली है. झाड़-फूंक के शक में एक बुजुर्ग की बेरहमी से गला काटकर हत्या कर दी गई है.यह मामला नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के शाहपुर पंचायत के मंगरडीहा गांव का है। मृतका की पहचान सीताराम रविदास के रूप में हुई है। मूल रूप से बिश्रामपुर थाना क्षेत्र के कौड़िया गांव के रहने वाले सीताराम पिछले 40 सालों से अपने ससुराल मंगरडीहा में ही रह रहे थे।दरअसल, कुछ दिन पहले गांव के ही महंग राम के बेटे विवेक कुमार की तबीयत अचानक खराब हो गई थी। परिवार वाले उसे इलाज के लिए रांची के एक निजी अस्पताल ले गए, लेकिन अफ़सोस कि मंगलवार की देर रात इलाज के दौरान विवेक की मौत हो गई।
युवक की मौत से गुस्साए महंग राम और उसके परिवार के सदस्यों का माथा ठनका। उन्हें लगा कि विवेक की मौत किसी बीमारी से नहीं, बल्कि ओझा-गुणी या झाड़-फूंक के चक्कर में हुई है।फिर उसके बाद बुधवार की सुबह-सवेरे महंग राम का पूरा परिवार सीताराम रविदास के घर पहुंच गया. बेरहमी की सारी हदें पार करते हुए सबने मिलकर सीताराम पर हमला बोल दिया और फिर धारदार हथियार से गला काटकर उनकी निर्मम हत्या कर दी।वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी परिवार मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही नौडीहा बाजार थाना प्रभारी नीरज कुमार पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए फिलहाल भेज दिया है। थाना प्रभारी ने पुष्टि की है कि यह पूरी घटना अंधविश्वास के काले साये में हुई है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।